LOADING...
स्नैक्स के तौर पर खाएं भुने चने, जानिए इसके फायदे
स्नैक्स के तौर पर भुने चने खाने के फायदे

स्नैक्स के तौर पर खाएं भुने चने, जानिए इसके फायदे

लेखन अंजली
Aug 06, 2025
08:49 pm

क्या है खबर?

आमतौर पर भुने चने का सेवन स्नैक्स के तौर पर किया जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह कितना पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक होता है। भुने चने में प्रोटीन, फाइबर, आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही वजह है कि इसे खाने में शामिल करना लाभदायक माना जाता है। आइए आज हम आपको भुने चने के सेवन से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से बताते हैं।

#1

वजन नियंत्रित करने में है सहायक

भुने चने का सेवन वजन को नियंत्रित करने में सहायक हो सकता है। इसका कारण है कि इसमें फाइबर की अधिक मात्रा होती है, जो लंबे समय तक पेट को भरा हुआ रखने में मदद करता है। इसके अतिरिक्त फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ खाने की इच्छा को कम कर सकते हैं, जिससे आप अधिक खाने से बच सकते हैं और आपका वजन नियंत्रित रहता है।

#2

हड्डियों को मजबूती देने में है कारगर

हड्डियों को मजबूत बनाने में भी भुने चने का सेवन मदद कर सकता है। इसका कारण है कि भुने चने में कैल्शियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। ये सभी पोषक तत्व हड्डियों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। बता दें कि कैल्शियम और मैग्नीशियम हड्डियों के विकास और उन्हें मजबूत बनाने में मदद करते हैं, जबकि फास्फोरस हड्डियों के स्वास्थ्य को बनाए रखने में सहायक होता है।

#3

गर्भवती महिलाओं के लिए है लाभदायक

गर्भवती महिलाओं के लिए भी भुने चने का सेवन फायदेमंद हो सकता है। गर्भवती महिलाओं के लिए प्रोटीन और फाइबर युक्त आहार बहुत लाभदायक होता है क्योंकि प्रोटीन और फाइबर गर्भावस्था के दौरान आवश्यक होते हैं। इसके अलावा प्रोटीन और फाइबर गर्भावस्था में होने वाले पेट की समस्याओं से भी राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। इसलिए गर्भवती महिलाओं के लिए भुने चने का सेवन करना अच्छा है।

#4

पाचन क्रिया को दे सकते हैं मजबूती

पाचन क्रिया को मजबूत करने में भुने चने का सेवन फायदेमंद हो सकता है। भुने चनों में मौजूद फाइबर मल त्याग को नियमित कर सकता है और कब्ज की समस्या से राहत दिला सकता है। इसके अतिरिक्त भुने चनों में मौजूद फाइबर पाचन प्रक्रिया को संतुलित करने में मदद कर सकता है। साथ ही भुने चनों में मौजूद फाइबर शरीर में गैस्ट्रिक एंजाइमों के संतुलन को बनाए रख सकता है।

#5

मधुमेह के जोखिम कर सकते हैं कम

भुने चने का सेवन मधुमेह रोगियों के लिए भी लाभदायक हो सकता है क्योंकि यह शरीर में इंसुलिन के स्तर को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। इसके साथ ही भुने चनों में मौजूद फाइबर शरीर में ग्लूकोज अवशोषण को धीमा करके रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। लाभ के लिए रोजाना 30 ग्राम भुने चनों का सेवन करें।

#7

एनीमिया के जोखिम को कर सकते हैं कम

भुने चनों का सेवन एनीमिया के जोखिम कम करने में भी मदद कर सकता है। एनीमिया एक ऐसी स्थिति है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाओं की संख्या में कमी आ जाती है और इससे शरीर में आयरन की कमी हो जाती है। भुने चनों में आयरन की भरपूर मात्रा होती है, जो लाल रक्त कोशिकाओं के उत्पादन को बढ़ाकर एनीमिया से बचाए रखने में मदद कर सकता है। इससे शरीर में ऊर्जा का स्तर भी बेहतर बना रहता है।