दिल्ली: नवरात्रि के अवसर इन 5 'मनोकामना सिद्ध पीठ' दुर्गा मंदिरों के करें दर्शन
क्या है खबर?
नौ दिवसीय नवरात्रि का त्योहार हिंदूओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। इस अवसर पर कई लोग देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा करते हैं।
इन दिनों लोग अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए उपवास भी रखते हैं। अगर आपकी भी कोई इच्छा है तो दिल्ली में स्थित मनोकामना सिद्ध पीठ दुर्गा मंदिर का रुख करें। कहा जाता है कि इन मंदिरों में आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूरी होती है।
#1
झंडेवालान मंदिर
झंडेवालान मंदिर दिल्ली के प्राचीन देवी मंदिरों में से एक है, जो करोल बाग में स्थित है।
यहां देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आते हैं। हर दिन सुबह के 5 बजे इस मंदिर के कपाट खुलते हैं और तभी से भक्तों की कतारें लगना शुरू हो जाती हैं।
इस मंदिर की सजावट इसका सबसे बड़ा आकर्षण है।
मान्यता है कि इस मंदिर में दर्शन करने से देवी भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करती हैं।
#2
योगमाया मंदिर
योगमाया मंदिर दिल्ली के महरौली में स्थित है।
यह मंदिर भगवान कृष्ण की बहन मानी जाने वाली देवी योगमाया को समर्पित है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, योगमाया का जन्म मां यशोदा के गर्भ से हुआ था, लेकिन जन्म के बाद वासुदेव ने उन्हें श्रीकृष्ण से बदल दिया था।
ऐसा कहा जाता है कि इस संसार में जो कुछ भी दिखाई देता है वह योगमाया की माया है और यहां मनोकामना जल्द पूरी होती है।
#3
कालकाजी मंदिर
कालकाजी मंदिर देवी काली को समर्पित है और यह दिल्ली के दक्षिणी भाग में स्थित है।
ऐसा माना जाता है कि यहां दिखाई देने वाली देवी की प्रतिमा स्वयं प्रकट हुई है, वहीं पौराणिक कथा की मानें तो इसी जगह मां काली ने राक्षसों का संहार किया था।
ऐसे में मंदिर को सिद्ध पीठ और जयंती काली पीठ के नाम से भी जाना जाता है।
नवरात्रि के दौरान यहां भक्तों का तांता लगा रहता है।
#4
आद्या कात्यायनी मंदिर
आद्या कात्यायनी मंदिर भी एक प्राचीन सिद्धपीठ मंदिर है, जो दिल्ली के छतरपुर इलाके में है इसलिए इसे छतरपुर मंदिर के नाम से भी जाना जाता है।
यहां देवी कात्यायनी की पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि नवरात्रि के दौरान यहां आने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
वहीं नवरात्रि में इस मंदिर की सजावट बहुत सुंदर होती है, जो आकर्षण का केंद्र है।
#5
गुफा मंदिर
गुफा मंदिर दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में स्थित है। यह भी दिल्ली के प्राचीन मंदिरों में से एक है और यह मां वैष्णो देवी को समर्पित है।
यह मंदिर एक बड़ी गुफा के लिए जाना जाता है, जो भक्तों को वैष्णो देवी मंदिर में होने का एहसास दिलाता है।
इस मंदिर में देवी कात्यायनी, चिंतपूर्णी और ज्वाला देवी की मूर्तियां भी स्थापित हैं और नवरात्रि में मंदिर परिसर बहुत खूबसूरत लगता है।