गर्मियों में बालकनी की शोभा बढ़ाने के लिए अपनाएं ये 4 आसान DIY, सुंदर लगेगा घर
क्या है खबर?
गर्मी के दौरान सभी लोग शाम के वक्त अपनी बालकनी में बैठकर छांव का आनंद लेना पसंद करते हैं। यह बालकनी के लुक को बदलने और उसे नए तरीके से सजाने का अच्छा मौका हो सकता है।
इसके लिए आप बालकनी में गर्मियों में उगने वाले फूल, पौधे और बोंजाई लगा सकते हैं। हालांकि, बिना सजावट का सामान लगाए और DIY किए घर की सजावट पूरी नहीं हो सकती।
इन DIY के जरिए बालकनी की शोभा बढ़ाई जा सकती है।
#1
एक दीवार पर सुंदर पैटर्न पेंट करें
अगर आपकी बालकनी सादी-सादी नजर आती है तो आप उसपर पेंट करने का विचार कर सकते हैं। बालकनी की किसी एक दीवार पर कोई सुंदर-सा पैटर्न पेंट करें।
आप अलग-अलग रंगों का चुनाव करके गोल, घुमावदार या फिर जोमेट्रिकल पैटर्न पेंट कर सकते हैं। इससे बालकनी में एक एक्सेंट वाल बन जाएगी, जिसपर आप छोटे गमले लटकाकर इसकी सुंदरता को और बढ़ा सकेंगे।
आप चाहें तो पूरी दीवार पर पत्ती, फूल या चिड़ियां वाला पैटर्न भी पेंट कर सकते हैं।
#2
पुराने फर्नीचर का दोबारा इस्तेमाल करें
घर में पड़ा पुराना फर्नीचर ज्यादातर कबाड़ में फेक दिया जाता है। हालांकि, आप उसका दोबारा इस्तेमाल करके अपनी बालकनी में जान झोंक सकते हैं।
पुरानी टेबल को जीवंत रंगों वाले पेंट से रंगकर बालकनी में रख दें और उसके साथ कोई सोफा या कुर्सी भी लगा दें। इसके अलावा, आप पुरानी अलमारी को बालकनी में रखकर उसपर पौधे लगा सकते हैं।
घर में पड़ी लकड़ी की कुर्सी से शानदार झूला भी बनाया जा सकता है।
#3
दफ्ती का लेटर बॉक्स बनाएं
आप बालकनी की दीवार पर दफ्ती से बना लेटर बॉक्स लटका सकते हैं। यह आसानी से बनकर तैयार हो जाता है और देखने में बहुत ही सुंदर लगता है।
इसके लिए दफ्ती को काटकर और जोड़कर एक घर का आकार तैयार कर लें। इसे चिपकाकर इसपर क्ले की परत लगा दें और सूख जाने दें।
इसके बाद इसे पेंट करें, इसपर क्ले की चिड़ियां चिपकाएं और बालकनी में लटका दें।
#4
गमलों को आकर्षक रंगों से पेंट करें और फेरी लाइट लगाएं
बालकनी की शोभा बढ़ाने का सबसे आसान तरीका है गमलों को जीवंत रंगों में पेंट करना। इससे वे पुराने नहीं नजर आते हैं और घर की सुंदरता भी बढ़ जाती है।
अगर आपको हल्के रंग पसंद हैं तो पेस्टल पेंट से गमलों को रंगें। वहीं, अगर आप जीवंत रंग पसंद करते हैं तो चटख रंगों का चुनाव करें।
अंत में पूरी बालकनी में फेरी लाइट लगा दें, जिससे एक शानदार माहौल बन जाएगा।