दिल्ली: लखीमपुर खीरी हिंसा के खिलाफ यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, हिरासत में लिए कई कार्यकर्ता

उत्तर प्रदेश प्रदेश के लखीमपुर खीरी में पिछले रविवार को हुई हिंसा में आठ लोगों की मौत के मामले में विपक्ष के तेवर उग्र होते जा रहे हैं। कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल सरकार पर हमला बोल रहे हैं और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को दिल्ली में प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
लखीमपुर खीरी में क्या हुआ था?
लखीमपुर खीरी में रविवार को केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के दौरे के समय हिंसा हो गई थी, जिसमें चार आंदोलनकारी किसानों समेत कुल आठ लोगों की मौत हुई। मिश्रा कार्यक्रम के लिए लखीमपुर खीरी स्थित अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। आरोप है कि लौटते वक्त मिश्रा के बेटे आशीष ने किसानों पर गाड़ी चढ़ा दी, जिसमें चार किसान मारे गए। बाद में भीड़ ने दो भाजपा कार्यकर्ताओं और ड्राइवर को पीट-पीट कर मार दिया। एक पत्रकार भी मारा गया है।
हिंसा का भरसक विरोध कर रहा है विपक्ष
इस घटना का विपक्ष भरसक विरोध कर रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित अन्य नेताओं ने सरकार पर हमला बोला है। इसके अलावा बुधवार को राहुल और प्रियंका गांधी सहित पांच नेताओं ने मृतक किसानों के परिवारों से मुलाकात भी की और परिजनों को मामले में पूरा न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।
यूथ कांग्रेस ने दिल्ली में किया जोरदार प्रदर्शन
लखीपुर खीरी हिंसा के विरोध में यूथ कांग्रेस ने शनिवार को दिल्ली की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया। तख्ती और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री मिश्रा के इस्तीफे और उनके बेटे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर उनके पुतले भी जलाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि राह चलते किसानों को कार से कुचलना पूरी तरह अमानवीय और अपराध है।
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से हुई भिड़ंत
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता काफी उग्र हो गए। ऐसे में उन्होंने पुलिस द्वारा लगाई गई बेरिकेडिंग को भी हटा दिया। पहले तो पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद कार्यकर्ता और उग्र हो गए और पुलिस से भिड़ गए। इस पर पुलिस ने सख्ती बरतते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस की सख्ती को देखकर कई कार्यकर्ता मौके से निकल लिए।
यहां देखें यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की फोटो
Delhi | Indian Youth Congress workers hold protest demonstration over Lakhimpur Kheri violence pic.twitter.com/9Z8tB8nJLm
— ANI (@ANI) October 9, 2021
केंद्रीय मंत्री के बेटे से पूछताछ कर रही है पुलिस
दूसरी ओर मामले में पुलिस की अपराध शाखा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे आशीष से भी पूछताछ कर रही है। पूछताछ करीब 2 घंटे से जारी है। आरोपी आशीष को घर नोटिस चस्पा कर शुक्रवार पेश होने के लिए कहा था, लेकिन वह तबीयत खराब होने का हवाला देकर दफ्तर नहीं पहुंचे थे। पुलिस ने शुक्रवार शाम फिर एक नोटिस लगाया और चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वह पेश नहीं हुए तो कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले में पुलिस कार्रवाई पर उठाए थे सवाल
शुक्रवार को सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि वह इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से संतुष्ट नहीं है। कोर्ट ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि हत्या के मामले में आरोपी से अलग व्यवहार क्यों हो रहा है? हत्या के आरोपी के साथ वैसा ही व्यवहार होना चाहिए, जैसा अन्य मामलों में दूसरे आरोपियों के साथ किया जाता है। इसके बाद पुलिस ने आशीष को नोटिस भेज दिया था।