
अमेरिका-ब्रिटेन से ज्यादा सुरक्षित है भारत में यात्रा करना, सुरक्षा सूचकांक 2025 में खुलासा
क्या है खबर?
देश-विदेश की यात्रा पर जाने वाले पर्यटक सबसे पहले घूमने वाले देशों में सुरक्षा की स्तिथि जांचते हैं और इस मामले में भारत अमेरिका-ब्रिटेन से ज्यादा सुरक्षित है।
क्राउडसोर्स्ड डेटा मंच नम्बियो ने अपराध को देखते हुए 2025 में यात्रा के लिए दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों की सूची जारी की है।
इसमें छोटे यूरोपीय देश अंडोरा को व्यक्तिगत सुरक्षा के मामले में घूमने के लिए सबसे अच्छा देश बताया गया है।
आइए, जानते हैं भारत की क्या है स्थिति?
सूचकांक
अमेरिका से सुरक्षित है भारत, लेकिन पाकिस्तान से पिछड़ा
नम्बियो ने "देशवार सुरक्षा सूचकांक 2025" तैयार करने के लिए अपराध के समग्र स्तर के आधार पर 146 देशों की सूची बनाई है, जो उनकी वेबसाइट पर आगंतुकों के सर्वेक्षण पर आधारित है।
सूची में भारत 55.7 अंकों के साथ 66वें स्थान पर, जबकि अमेरिका 50.8 अंकों के साथ 89वें स्थान पर है। ब्रिटेन 51.7 अंकों के साथ 87वें स्थान पर है।
पाकिस्तान 56.3 अंकों के साथ 65वें स्थान पर है, जो भारत से अधिक सुरक्षित बताया जा रहा है।
रैंक
10 सबसे अधिक सुरक्षित देश
सबसे अधिक सुरक्षित देशों में पहले स्थान पर 84.7 अंकों के साथ अंडोरा, 84.5 अंकों के साथ संयुक्त अरब अमीरात (UAE) दूसरे स्थान पर, 84.2 अंकों के साथ कतर तीसरे, 82.9 अंकों के साथ ताइवान चौथे, 81.7 अंकों के साथ ओमान पांचवे, 79.0 अंकों के साथ आइल ऑफ मैन छठे, 78.5 अंकों के साथ हांगकांग सातवें, 77.9 अंकों के साथ आर्मेनिया आठवें, 77.4 अंकों के साथ सिंगापुर नौवें और 77.1 अंकों के साथ जापान दसवें स्थान पर है।
असुरक्षित
10 सबसे अधिक असुरक्षित देश
सबसे सबसे अधिक असुरक्षित और खतरनाक देशों में पहले स्थान पर 19.3 अंकों के साथ वेनेजुएला, 19.7 अंकों के साथ पापुआ न्यू गिनी दूसरे, 21.1 अंकों के साथ हैती तीसरे, 24.4 अंकों के साथ अफ़गानिस्तान चौथे, 25.3 अंकों के साथ दक्षिण अफ्रीका पांचवें, 28 अंकों के साथ होंडुरास छठे, 29.1 अंकों के साथ त्रिनिदाद और टोबैगो सातवें, 31.9 अंकों के साथ सीरिया आठवें, 32.6 अंकों के साथ जमैका नौवे और 32.9 अंकों के साथ पेरू दसवें स्थान पर है।
सूची
भारत के पड़ोसी देश कितने सुरक्षित?
सूची में भारत के पड़ोसी देशों में शामिल चीन 76 अंकों के साथ 15वें स्थान पर है। 63.3 अंकों के साथ नेपाल 47वें स्थान पर है।
57.9 अंकों के साथ श्रीलंका 59वें स्थान पर है और बांग्लादेश 38.4 अंकों के साथ 124वें स्थान पर है।
सूची में बांग्लादेश को छोड़कर भारत के सभी पड़ोसी देश भारत से अधिक सुरक्षित बताए गए हैं। पाकिस्तान भी भारत से अधिक सुरक्षित बताया गया है।