Page Loader
#NewsBytesExplainer: NTA ने क्यों स्थगित की CSIR-UGC-NET परीक्षा?
NTA ने CSIR-UGC-NET परीक्षा स्थगित कर दी है

#NewsBytesExplainer: NTA ने क्यों स्थगित की CSIR-UGC-NET परीक्षा?

लेखन आबिद खान
Jun 22, 2024
01:12 pm

क्या है खबर?

पेपर लीक को लेकर मचे घमासान के बीच अब राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने एक और परीक्षा स्थगित कर दी है। NTA ने 25 से 27 जून के बीच होने वाली CSIR-UGC-NET परीक्षा को संसाधनों की कमी का हवाला देते हुए स्थगित कर दिया है। NTA ने कहा कि परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा। आइए जानते हैं कि NTA ने ये फैसला क्यों लिया।

बयान

सबसे पहले जानिए NTA ने क्या कहा?

NTA की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, "उम्मीदवारों को सूचित किया जाता है कि संयुक्त CSIR-UGC-NET परीक्षा जून-2024, जो 25 जून से 27 जून के बीच आयोजित होने वाली थी, उसे अपरिहार्य परिस्थितियों के साथ-साथ लॉजिस्टिक मुद्दों के चलते स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा की नई तारीखों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए बाद में दी जाएगी।" NTA ने अभ्यर्थियों को वेबसाइट चेक करते रहने की सलाह दी है।

बैठक

शिक्षा मंत्रालय द्वारा कई बैठकों के बाद लिया गया फैसला

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, परीक्षा स्थगित करने का फैसला शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा कई बैठकों के बाद लिया गया है। इन बैठकों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार और कैबिनेट सचिव राजीव गौबा भी शामिल हुए थे। इन बैठकों के बाद ही कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने पेपर लीक रोकने के लिए बनाए गए कानून 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024' को अधिसूचित किया।

पेपर लीक

पेपर लीक होने का था संदेह

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, 21 जून को बैठक में शिक्षा मंत्री को मैसेजिंग ऐप पर भेजे गए कुछ संदेशों के बारे में जानकारी दी गई थी, जिनमें दावा किया गया था कि CSIR-NET का पेपर लीक हो गया है। हालांकि, शिक्षा मंत्रालय को लीक के संबंध में NET की तरह गृह मंत्रालय या भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से कोई सूचना नहीं मिली थी। इसके बाद अखंडता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया गया।

संसाधन

क्या संसाधनों की कमी है फैसले की वजह?

हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए NTA के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, "UGC-NET रद्द होने और ग्रेस मार्क्स विवाद के चलते 1,563 उम्मीदवारों के लिए NEET की परीक्षा दोबारा कराने के कारण NTA के लिए ये असंभव था कि वो तुरंत एक और परीक्षा आयोजित करवा सके। NTA जल्द ही परीक्षा का पुनर्निर्धारण करेगा और जल्द से जल्द परिणाम घोषित करेगा ताकि शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।"

NTA

NTA ने 9 दिन में 3 परीक्षा रद्द की

NTA ने 12 जून को नेशनल कॉमन एंट्रेस टेस्ट (NCET) को रद्द कर दिया था। इसके बाद 19 जून को UGC-NET परीक्षा रद्द की गई। एक दिन पहले ही करीब 9 लाख परीक्षार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया था। अब CSIR-UGC-NET स्थगित कर दी गई है। इसके अलावा NEET में ग्रेस मार्क्स पाने वाले 1,563 उम्मीदवारों की भी दोबारा परीक्षा होनी है। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने भी बिहार सक्षमता परीक्षा को स्थगित कर दिया है।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

CSIR UGC NET परीक्षा के UGC द्वारा निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले भारतीय विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और लेक्चरशिप/सहायक प्रोफेसर के लिए पात्रता निर्धारित करती है। UGC-NET के विपरीत CSIR-NET विज्ञान से संबंधित 5 विषयों के लिए आयोजित की जाती है। इनमें जीवन विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रासायनिक विज्ञान और गणित शामिल हैं। साल में 2 बार जून और दिसंबर में इस परीक्षा को आयोजित किया जाता है।