Page Loader
महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच क्यों बंद हो गई बस सेवा? जानिए क्या है पूरा विवाद 
महाराष्ट्र् और कर्नाटक में भाषा को लेकर विवाद बढ़ गया है

महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच क्यों बंद हो गई बस सेवा? जानिए क्या है पूरा विवाद 

लेखन आबिद खान
Feb 23, 2025
03:17 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच भाषा विवाद एक बार फिर से भड़क उठा है। इस बार विवाद इतना बढ़ गया है कि दोनों राज्यों ने बस सेवाओं पर रोक लगा दी हैं। मामले की शुरुआत 21 फरवरी को बेलगावी में कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) के एक बस कंडक्टर पर हमले के बाद हुई। आरोप है कि मराठी नहीं बोलने पर कंडक्टर को पीटा गया। आइए जानते हैं पूरा विवाद क्या है।माम

शुरुआत

कैसे हुई शुरुआत?

21 फरवरी को महाराष्ट्र की सीमा से लगे बेलगावी में बस कंडक्टर महादेव हुक्केरी के साथ मारपीट हुई थी। आरोप है कि कंडक्टर ने मराठी बोलने से इनकार कर दिया था और कन्नड़ में बात करने को कहा था। इसे लेकर 2 छात्रों से उनकी बहस हो गई और विवाद इतना बढ़ा कि बात मारपीट तक आ पहुंची। हमले में कंडक्टर को चोटें आईं और उन्हें बेलगावी आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया।

बस कंडक्टर

घटना के बारे में बस कंडक्टर ने क्या बताया?

कंडक्टर महादेवप्पा मल्लप्पा हुक्केरी ने बताया, "सुलेभवी गांव में एक लड़की अपने पुरुष साथी के साथ बस में चढ़ी थी। वो मराठी में बात कर रही थी। मैंने लड़की से कहा कि में मराठी नहीं जानता इसलिए वो कन्नड़ में बात करे। जब मैंने कहा कि मैं मराठी नहीं जानता तो उस लड़की ने मुझे गाली देते हुए कहा कि मुझे मराठी सीखनी चाहिए। इसके बाद अचानक लोग इकट्ठा हो गए और मुझ पर हमला कर दिया।"

पुलिस

पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की है?

पुलिस ने मारपीट के संबंध में 3 को गिरफ्तार और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। बस कंडक्टर पर भी पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने कहा, "दूसरे पक्ष से 14 वर्षीय नाबालिग द्वारा शिकायत के आधार पर कंडक्टर के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) के तहत अपमानजनक टिप्पणी करने का मामला दर्ज किया गया है। POCSO के मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।"

हालात

मामले के बाद हालात तनावपूर्ण

घटना के बाद बेलगावी में माहौल तनावपूर्ण है। यहां कन्नड़ संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और मार्च निकाला। कर्नाटक नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने चित्रदुर्ग में महाराष्ट्र की एक बस के कंडक्टर के चेहरे पर कालिख पोत दी और बस के शीशे तोड़ दिए। बस पर कर्नाटक के समर्थन में नारे लिख दिए। इसके बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कोल्हापुर में कर्नाटक की एक बस पर काला रंग डाल दिया और शिवसेना का झंडा लगा दिया।

राजनीति

विवाद ने राजनीतिक तूल भी पकड़ा

मामले को लेकर अब राजनीति तेज हो गई है। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कर्नाटक में राज्य परिवहन की बसों को निलंबित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा, "जब तक कर्नाटक सरकार इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट नहीं कर देती, कर्नाटक के लिए बस सेवाएं फिर से शुरू नहीं की जाएंगी।" बता दें कि बेलगावी महाराष्ट्र-कर्नाटक में विवाद का केंद्र रहा है। यहां बड़ी संख्या में मराठी भाषी लोग रहते हैं, लेकिन यह कर्नाटक का हिस्सा है।