Page Loader
महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद: फडणवीस बोले- मुंबई किसी के 'बाप' का नहीं
महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर बोले फडणवीस- मुंबई किसी के बाप का नहीं (तस्वीरः ट्विटर/@Dev_fadnavis)

महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद: फडणवीस बोले- मुंबई किसी के 'बाप' का नहीं

लेखन गजेंद्र
Dec 29, 2022
11:42 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र-कर्नाटक के बीच चल रहे सीमा विवाद में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कर्नाटक के मंत्री जे मधु स्वामी की टिप्पणी पर खरा जवाब दिया है। उन्होंने कहा, "मुंबई एक राज्य के अंतर्गत आता है, किसी के 'बाप' का नहीं।" उन्होंने PTI से कहा कि वे मामले पर कर्नाटक सरकार और गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखेंगे। गृहमंत्री से गुजारिश करेंगे कि ऐसे बड़बोलों को फटकार लगाएं। स्वामी ने मुंबई को केंद्र शासित प्रदेश बनाने की मांग की थी।

बयानबाजी

महाराष्ट्र विधानसभा पास कर चुका है प्रस्ताव

स्वामी ने विधानसभा में कहा था, "वे लोग कह रहे हैं कि बेलगावी को केंद्र शासित प्रदेश घोषित करना चाहिए। मैं उनको बताना चाहता हूं कि देश में दो से तीन शहर केंद्र शासित होने चाहिए उसमें मुंबई सबसे ऊपर है।" इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने कहा था, "हम अपनी एक इंच जमीन नहीं देंगे।" बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा ने कर्नाटक सीमा के 865 गांवों को शामिल करने के लिए प्रस्ताव पास किया था।