Page Loader
कौन है जाकिर नाइक, जिसकी फुटबॉल विश्व कप में मौजूदगी पर छिड़ा विवाद?
जाकिर नाइक की फुटबॉल विश्व कप में मौजूदगी से छिड़ा विवाद

कौन है जाकिर नाइक, जिसकी फुटबॉल विश्व कप में मौजूदगी पर छिड़ा विवाद?

संपादन मुकुल तोमर
Nov 22, 2022
07:38 pm

क्या है खबर?

विवादित इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक के फुटबॉल विश्व कप के दौरान कतर पहुंचने पर विवाद छिड़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेजबान कतर ने मनी लॉन्ड्रिंग और भड़काऊ भाषण देने के लिए भारत में प्रतिबंधित नाइक को टूर्नामेंट के दौरान धार्मिक उपदेश देने के लिए आमंत्रित किया है। इसी कारण भाजपा के एक नेता ने विश्व कप के बहिष्कार की मांग कर डाली है। आइए जानते कौन हैं जाकिर नाइक कौन है और वह क्यों विवादित है।

परिचय

आखिर कौन है जाकिर नाइक?

मुंबई में जन्मा डॉक्टर और इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) नामक गैर-सरकारी संगठन (NGO) और पीस टीवी नेटवर्क का संस्थापक है। 57 वर्षीय नाइक के टीवी नेटवर्क को कथित भड़काऊ भाषणों के चलते भारत, यूनाइटेड किंगडम, बांग्लादेश और कनाडा में प्रतिबंधित किया गया है। इन प्रतिबंधों के बावजूद पीस टीवी के वैश्विक स्तर पर दर्शकों की संख्या 20 करोड़ से अधिक है।

विवाद

जाकिर नाइक पर भारत में क्यों लगा है प्रतिबंध?

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में जुलाई, 2016 में एक आतंकवादी हमले में 29 लोग लोगों की मौत हो गई थी। मामले में गिरफ्तार एक आरोपी ने जाकिर नाइक के भाषणों से प्रभावित होने की बात कबूली थी। इसके बाद हुई जांच में नाइक के कई भड़काऊ भाषण मिले और मुंबई पुलिस की जांच के बाद IRF पर गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत बैन लगा दिया गया। इसके बाद नाइक भारत छोड़कर मलेशिया भाग गया था।

जांच

नाइक के खिलाफ क्या-क्या जांच चल रही हैं?

भड़काऊ बयानबाजी के अलावा नाइक और IRF के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की धाराओं के तहत भी केस चल रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) IRF के अवैध लेनदेन के साथ-साथ लगभग 228 करोड़ रुपये की संपत्ति के कारण नाइक के खिलाफ भी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहा है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी भड़काऊ बयानबाजी और भारत विरोध गतिविधियों के लिए उसके खिलाफ चार्टशीट दाखिल कर रखी है। मुंबई पुलिस उसकी संपत्ति को जब्त कर चुकी है।

भारत प्रत्यर्पण

नाइक के भारत प्रत्यर्पण के लिए क्या कोशिश की गई हैं?

नवंबर, 2016 में भारत छोड़ने के बाद जाकिर नाइक को मलेशिया में स्थाई तौर पर रहने की अनुमति मिल गई थी। हालांकि राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर मलेशिया में भी उसके सार्वजनिक भाषण देने पर रोक है। केंद्र सरकार ने मई, 2020 में मलेशियाई सरकार से नाइक का भारत प्रत्यर्पण करने की अपील की थी, जिससे मलेशियाई सरकार ने मना कर दिया था। इसके बाद भी भारत कोशिश में लगा हुआ है, लेकिन अभी तक उसे सफलता नहीं मिली।

कनेक्शन

जाकिर नाइक का कतर से क्या कनेक्शन है?

रिपोर्ट्स की मानें तो मलेशिया में रहने के दौरान भी नाइक को कतर समेत अन्य कई मुस्लिम देशों से फंडिंग मिलती रही है और अब वह विश्व कप के लिए कतर पहुंच गया। ये पहली बार है जब एक मुस्लिम देश में फुटबॉल विश्व कप का आयोजन हो रहा है। इसमें नाइक की मौजूदगी को इस्लाम के प्रचार के रूप में देखा जा रहा है। कतर में लगभग 500 फुटबॉल प्रशंसकों के इस्लाम कबूल करने की खबरें भी आई है।