Loading...
नौकरी 4 साल या 6, पेंशन मिलेगी या नहीं; अग्निपथ योजना में क्या-क्या बदला?
सरकार ने अग्निपथ योजना में सेवा अवधि को लेकर बदलाव किया है

नौकरी 4 साल या 6, पेंशन मिलेगी या नहीं; अग्निपथ योजना में क्या-क्या बदला?

लेखन आबिद खान
Nov 04, 2026
06:38 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव किया है। अब 4 साल की सेवा पूरी करने के बाद नियमित सेना में जगह नहीं पाने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को 2 साल का अतिरिक्त कार्यकाल दिया जाएगा। यानी अब वे 6 साल तक सेना में सेवाएं दे सकेंगे। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने इसकी जानकारी दी है। आइए नए बदलावों से जुड़ी हर बात जानते हैं।

कार्यकाल

कितना होगा अग्निवीरों का कार्यकाल?

अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की शुरुआती सेवा अवधि 4 साल ही है। इस अवधि के बाद सरकार 25 प्रतिशत अग्निवीरों को सेना में नियमित नौकरी दे देती है। वहीं, बाकी 75 प्रतिशत को सेवा से बाहर होना पड़ता था।

अब ये बदला है कि नियमित नौकरी नहीं पाने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को 2 साल का और कार्यकाल मिलेगा। इस तरह वे 6 साल नौकरी कर सकेंगे। इस अतिरिक्त अवधि को 'सेकेंड टूर ऑफ ड्यूटी' कहा जा रहा है।

सेवानिवृत्ति

2 साल अतिरिक्त सेवाएं देने के बाद क्या होगा?

मान लीजिए आपने पहले 4 साल और बाद में 2 साल यानी कुल 6 साल सेना में सेवाएं दी हैं। इसके बाद भी आपके पास सेना में नियमित नौकरी पाने का मौका होगा।

इसके लिए आपको कुछ निर्धारित वस्तुनिष्ठ चयन मानदंडों को पूरा करना होगा। अगर आप इन मानदंडों पर खरा उतरते हैं और आगे नौकरी करने के इच्छुक हैं तो आपकी स्थायी नियुक्ति पर फैसला लिया जाएगा।

फिलहाल सभी को स्थायी नौकरी की गारंटी नहीं दी गई है।

ADVERTISEMENT

फायदे

क्या पेंशन और ग्रेच्युटी मिलेगी

अगर आप 2 साल अतिरिक्त सेवा देने के लिए चुने जाते हैं, तो बढ़ा हुआ वेतन और भत्ते भी मिलेंगे। अभी इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

वहीं, मौजूदा प्रावधानों के मुताबिक, 4 साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को पेंशन और ग्रेच्युटी का लाभ नहीं मिलता। 2 साल अतिरिक्त कार्यकाल वालों के लिए भी पेंशन मिलने की गारंटी नहीं दी गई है।

हालांकि, नियमित चयन होने के बाद सेवा शर्तें नियमित सैनिकों की तरह ही होंगी।

ADVERTISEMENT

जानकारी

क्या भर्ती प्रक्रिया में कोई बदलाव हुआ है?

हां, भर्ती प्रक्रिया भी बदली है। पहले चयन प्रक्रिया में फिजिकल टेस्ट पहले और लिखित परीक्षा बाद में होती थी। अब लिखित परीक्षा पहले होगी और फिजिकल टेस्ट बाद में कराया जाएगा।

वेतन

क्या वेतन से जुड़ा कोई बदलाव हुआ है?

फिलहाल अग्निवीरों को पहले साल 30,000, दूसरे साल 33,000, तीसरे साल 36,500 और चौथे साल 40,000 रुपये महीना मिलते हैं।

4 साल पूरे होने पर करीब 11.71 लाख रुपये का सेवा निधि पैकेज दिया जाता है। इसके तहत वेतन का 30 प्रतिशत हिस्सा हर महीने अग्निवीर कॉर्पस फंड में जमा होता है। इतनी ही रकम सरकार भी अपनी तरफ से जमा करती है। यह राशि इनकम टैक्स से मुक्त है।

इसमें अभी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

ADVERTISEMENT