51 सीटों पर 'डाले गए' और 'गिने गए' वोटों में अंतर, चुनाव आयोग ने क्या कहा?
क्या है खबर?
चुनाव आयोग ने उस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के 51 निर्वाचन क्षेत्रों में डाले गए वोटों और गिने गए वोटों की संख्या में गड़बड़ी का दावा किया गया था। रिपोर्टर्स कलेक्टिव की इस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि इन सीटों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से गिने गए वोटों की संख्या कुल डाले गए वोटों की संख्या से मेल नहीं खाती थी।
आयोग
आयोग ने रिपोर्ट को भ्रामक बताया
महाराष्ट्र और हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) ने आरोपों को खारिज कर दिया और रिपोर्ट को झूठा, तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बताया।
आयोग ने तर्क दिया कि रिपोर्ट में उजागर की गई विसंगतियां सार्वजनिक रूप से उपलब्ध चुनावी आंकड़ों की गलत व्याख्या का नतीजा है।
आयोग ने दोहराया कि मतदान के बाद संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों से फॉर्म 17C में किसी भी प्रकार की विसंगति की कोई शिकायत नहीं मिली है।
रिपोर्ट
दावा- हरियाणा की एक सीट पर 1.72 लाख वोटों का अंतर
रिपोर्ट के मुताबिक, 12 निर्वाचन क्षेत्रों में EVM के माध्यम से गिने गए वोटों की संख्या कुल डाले गए वोटों की संख्या से कम थी।
रिपोर्ट में जिन निर्वाचन क्षेत्रों का जिक्र है, उनमें हरियाणा का बड़खल, मुंबई उत्तर और बीड लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, महाराष्ट्र में दहानू और हरियाणा में तोशाम विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
दावा है कि बड़खल में लगभग 3.32 लाख वोट डाले गए थे, जबकि केवल 1.60 लाख वोटों की गिनती हुई थी।
वोट
जितने वोट डले नहीं, उससे ज्यादा की गिनती होने का दावा
रिपोर्ट में कहा गया है कि 20 विधानसभा क्षेत्रों में गिने गए वोटों की संख्या डाले गए वोटों की संख्या से ज्यादा थी। इनमें हरियाणा का कैथल विधानसभा क्षेत्र, जम्मू और कश्मीर का पुलवामा, कोकरनाग और चेनानी विधानसभा क्षेत्र, साथ ही श्रीनगर लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कैथल में डाले गए वोटों की संख्या से 1,67,070 ज्यादा वोटों की गिनती हुई।
चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में यहां केवल 215 मतदाताओं के वोट डालने का जिक्र है।
पीयूष गोयल
मुंबई में पीयूष गोयल की सीट पर भी सवाल
रिपोर्ट में मुंबई उत्तर लोकसभा सीट के आंकड़ों पर भी सवाल उठाए गए हैं। यहां से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल जीते थे।
रिपोर्ट के अनुसार, इस सीट पर चुनाव आयोग के आंतरिक रिकॉर्ड में डाले गए वोटों की संख्या 18.11 लाख दर्ज है। जबकि आयोग के घोषित नतीजों में EVM से गिने गए वोटों की संख्या केवल 10.33 लाख है। यानी दोनों आंकड़ों के बीच 7.78 लाख वोटों का अंतर है।