LOADING...
शुक्रवार को देश के कई इलाकों में हुए हिंसक प्रदर्शन, रांची में दो की मौत
शुक्रवार को देश के कई इलाकों में हुए हिंसक प्रदर्शन

शुक्रवार को देश के कई इलाकों में हुए हिंसक प्रदर्शन, रांची में दो की मौत

Jun 11, 2022
10:05 am

क्या है खबर?

पूर्व भाजपा नेताओं नुपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल की पैंगबर मोहम्मद के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में शुक्रवार को देश में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए। झारखंड के रांची, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और पश्चिम बंगाल के हावड़ा में प्रदर्शन हिंसक हो गए और पत्थरबाजी और तोड़फोड़ जैसी घटनाएं हुईं। वहीं रांची में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जहां पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में फायरिंग की थी।

पृष्ठभूमि

क्या है विवादित बयानों का मामला?

भाजपा से निलंबित हो चुकीं नुपुर शर्मा ने पिछले महीने एक टीवी कार्यक्रम के दौरान पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद दिल्ली भाजपा से जुड़े और अब पार्टी से निष्कासित हो चुके नवीन कुमार जिंदल ने भी पैंगबर मोहम्मद को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट लिखी थी। विवाद बढ़ने पर भाजपा ने दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की। इसे लेकर पिछले कई दिनों से प्रदर्शन जारी है और कई मुस्लिम देश अपना विरोध दर्ज करवा चुके हैं।

जानकारी

इन जगहों पर हुए प्रदर्शन

शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दिल्ली, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, बिहार और महाराष्ट्र आदि राज्यों के कई इलाकों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुए। वहीं श्रीनगर में बुलाया गया बंद शांतिपूर्ण रहा। हालांकि, रांची, हावड़ा और प्रयागराज में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए रांची में रविवार सुबह और हावड़ा में सोमवार सुबह तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है।

Advertisement

पत्थरबाजी

रांची में पुलिसकर्मियों को आईं चोटें

रांची में हिंसक प्रदर्शनकारियों ने पुलिसबलों पर पथराव किया, जिसमें SSP सुरेंद्र झा समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। इसके बाद हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने हवाई फायर किए। फिलहाल इलाके में धारा 144 लगी हुई है। इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए रांची (ग्रामीण) SP नौशाद आलम ने एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत होने की पुष्टि की थी। वहीं 12 अन्य लोग पत्थरबाजी और गोलियों के कारण घायल हुए हैं।

Advertisement

कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में हिंसा करने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी शुक्रवार को पत्थरबाजी हुई, जिससे कई पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं। शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर हिंसा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों से इसकी भरपाई की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। बैठक में अतिरिक्त गृह सचिव अविनाश कुमार अवस्थी, DGP देवेंद्र सिंह चौहान और दूसरे अधिकारी शामिल हुए थे।

गिरफ्तारी

उत्तर प्रदेश में 136 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश पुलिस ने बताया कि प्रदेश में हिंसा करने के कुल 136 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से सबसे ज्यादा 45 गिरफ्तारियां सहारनपुर में हुई है, जबकि प्रयागराज में 37, अंबेडकरनगर में 23, हाथरस में 20, मुरादाबाद में सात और फिरोजाबाद में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हिंसा के बाद बिगड़ती स्थिति को संभालने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और PAC की कंपनियों को तैनात करना पड़ा था।

पश्चिम बंगाल

हावड़ा में आगजनी

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में शुक्रवार को उपद्रवियों ने पुलिस थाने पर हमला किया और कई वाहनों में आगजनी की। उपद्रवियों को नियंत्रित करने की कोशिश में 12 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। कई इलाकों में भाजपा के कार्यालयों पर भी हमला करने की जानकारी मिल रही है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के दूसरे इलाकों में हिंसा की खबरें हैं। हिंसा को देखते हुए राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मुख्य सचिव एचके द्विवेदी को समन किया था।

Advertisement