वंदे भारत एक्सप्रेस की मदद से अब आसान होंगे वैष्णो देवी के दर्शन, 62 करोड़ रुपये से चमकेगा ब्यास जंक्शन
नई वंदे भारत एक्सप्रेस अब अमृतसर और माता वैष्णो देवी कटरा को आपस में जोड़ेगी। कम दूरी का रास्ता होने के कारण यात्रा में करीब 40 मिनट की कमी आएगी। इस ट्रेन में उन्नत AC कोच लगाए गए हैं, जिससे यात्रा और भी आरामदायक होगी। यह ट्रेन दो बड़े धार्मिक स्थलों अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब और वैष्णो देवी मंदिर को आपस में जोड़ेगी, जिससे तीर्थयात्रियों के लिए सफर आसान होगा और स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
ब्यास जंक्शन के विकास पर खर्च होंगे 62 करोड़ रुपये
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ब्यास जंक्शन स्टेशन का 62 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। इस काम में एक नया प्लेटफॉर्म, बेहतर फुटब्रिज, ज़्यादा पार्किंग और उन्नत सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि, स्टेशन के पुराने और पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखा जाएगा। यह काम पूरा होने के बाद स्टेशन पर हर दिन आने वाले यात्रियों की संख्या 6,166 से बढ़कर लगभग 19,500 तक पहुंच सकती है।