उत्तर प्रदेश के एक 27 वर्षीय युवक ने दिल्ली में खुद को लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई बताकर एक बड़ी ठगी करने की कोशिश की। उसने एक स्थानीय कारोबारी से 60 लाख रुपये मांगे।
आरोपी ने एक बाइक टैक्सी राइडर के जरिए कारोबारी के घर एक लिफाफा भी भेजा। इस लिफाफे में 10 रुपये के नोट का आधा टुकड़ा था, जिसे लेमिनेट किया गया था। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने डिलीवरी का पता लगाकर आरोपी को पकड़ा
कारोबारी की शिकायत और मिली धमकी के बाद जनकपुरी पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। CCTV फुटेज खंगालने पर उन्हें उस बाइक टैक्सी राइडर का पता चला, जिसने यह लिफाफा पहुंचाया था।
राइडर ने ऑनलाइन एक असाइनमेंट के तौर पर यह काम लिया था। उस डिलीवरी का पीछा करते हुए पुलिस अधिकारी आशु मौर्य तक पहुंचे। उसका मोबाइल नंबर भी उसी के नाम पर रजिस्टर्ड था और वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है।
जांच में पता चला कि आशु मौर्य को पीड़ित कारोबारी के कारोबार से जुड़ी सारी जानकारी थी। दरअसल, उसके पिता पिछले करीब 3 दशक से कारोबारी के परिवार के लिए काम करते थे। पुलिस ने उसके पास से कई फोन, एक टैबलेट और ऐसे सबूत बरामद किए, जो उसे सीधे इस साजिश से जोड़ते हैं।