उत्तर प्रदेश: प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फर्जी तस्वीरें डालने पर युवक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छेड़छाड़ की गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को मुजफ्फरनगर की पुलिस ने शामली जिले के भवन थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी का नाम हाजी राव जमशेद है। आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (IT) समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
क्या है मामला?
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, जमशेद पर आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ कई महिला नेताओं की छेड़छाड़ की गई तस्वीरों को सोशल मीडिया पर डाला था। तस्वीरें वायरल होने के बाद आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद मुजफ्फरनगर की पुलिस ने जांच शुरू की। आरोपी के शामली में होने की जानकारी मिलने पर उसे वहां से गिरफ्तार किया गया।
राम मंदिर के उद्घाटन के कारण पुलिस सतर्क
अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर के उद्घाटन को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस और सभी जिलों में प्रशासन काफी सतर्क है। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की विवादित या लोगों को भड़काने वाली पोस्ट पर पुलिस नजर बनाए हुए है। सोमवार को सोशल मीडिया पर धर्म के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने पर गोरखपुर के चौरी चौरा इलाके में वाहिद अली नाम से व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।