LOADING...
जेडी वेंस बोले- जल्द हो सकता है व्यापार समझौता, प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कही ये बात
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने जयपुर का आमेर किला घूमा

जेडी वेंस बोले- जल्द हो सकता है व्यापार समझौता, प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कही ये बात

लेखन आबिद खान
Apr 22, 2025
06:54 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस फिलहाल 4 दिवसीय भारत दौरे पर हैं। आज वे जयपुर में हैं, जहां उन्होंने परिवार के साथ आमेर का किला घूमा और एक व्यापारिक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत के साथ चल रहे व्यापार समझौते पर जानकारी देते हुए कहा कि समझौते की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है। अमेरिका द्वारा प्रस्तावित टैरिफ के बीच व्यापार समझौते पर हुई प्रगति को अहम माना जा रहा है।

समझौते

व्यापार समझौते पर क्या बोले वेंस?

उन्होंने कहा, "अमेरिका और भारत ने व्यापार वार्ता के लिए आधिकारिक तौर पर संदर्भ की शर्तों को अंतिम रूप दे दिया है। मेरा मानना ​​है कि यह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि यह हमारे देशों के बीच अंतिम समझौते की दिशा में एक रोडमैप तैयार करता है। हम अपने दोस्तों के साथ अच्छे सौदे करना चाहते हैं।"

संबंध

भारत-अमेरिका संबंधों पर वेंस ने क्या कहा?

वेंस ने कहा, "मेरा मानना ​​है कि अमेरिका-भारत मिलकर बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। अमेरिका भारत के साथ पृथ्वी पर किसी भी अन्य देश के साथ किए जाने वाले सैन्य अभ्यास से कहीं अधिक सैन्य अभ्यास करता है। बड़ी चीजों के निर्माण और अत्याधुनिक तकनीकों का आविष्कार करने के लिए हम मिलकर काम कर सकते हैं, जिनकी आने वाले समय में दोनों देशों को जरूरत होगी। भारत और अमेरिका के पास एक-दूसरे को देने के लिए बहुत कुछ है।"

मोदी

वेंस बोले- प्रधानमंत्री मोदी भारतीय हितों के लिए लड़ते हैं 

वेंस ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा, "कल मेरे और प्रधानमंत्री मोदी के बीच चर्चा हुई। ट्रंप और मैं जानते हैं कि मोदी कठोर वार्ताकार हैं और इसीलिए हम उनका सम्मान करते हैं। मोदी एक गंभीर नेता हैं। मेरे बच्चों को वे बहुत पसंद हैं। वे बहुत ही सख्त मोलभाव करते हैं। मोदी भारतीय उद्योगों के लिए लड़ते हैं। यह मैंने खुद देखा है कि वे कैसे अपने देश के व्यापारिक हितों के लिए लड़ते हैं।"

दौरा

कैसा है वेंस का भारत दौरा?

वैंस 21 अप्रैल की सुबह भारत आए थे। इसी दिन वे दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर गए और शाम में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनके लिए रात्रिभोज का आयोजन किया था। कल ही वे जयपुर रवाना हो गए थे। आज दिनभर वे जयपुर में घूमे और कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। 23 अप्रैल को वे जयपुर से आगरा जाएंगे और ताजमहल का दीदार करेंगे। शाम को वे दोबारा जयपुर लौटेकर 24 अप्रैल को अमेरिका रवाना होंगे।