
अमेरिका में 3 लाख भारतीय छात्रों पर क्यों मंडरा रहा है निर्वासन का खतरा?
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निशाने पर अब विदेशी छात्र हैं। खबर है कि अमेरिकी संसद में वैकल्पिक व्यावहारिक प्रशिक्षण (OPT) कार्यक्रम को बंद करने के लिए विधेयक लाने की तैयारी हो रही है।
इस कार्यक्रम के तहत अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों को अस्थायी तौर पर काम करने की अनुमति मिलती है। जानकारी सामने आने के बाद अमेरिका में पढ़ाई कर रहे करीब 3 लाख भारतीय छात्रों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है।
कार्यक्रम
सबसे पहले OPT कार्यक्रम के बारे में जानिए
OPT कार्यक्रम अमेरिका में रह रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों को पढ़ाई पूरी होने के बाद 3 साल तक वहां रहकर काम करने की अनुमति देता है।
खासतौर से विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका फायदा मिलता है। शुरुआत में छात्रों को एक साल तक काम करने की अनुमति मिलती है, जिसे 2 साल और बढ़ाया जा सकता है।
इस कार्यक्रम से छात्रों को H-1B वीजा मिलने में आसानी होती है।
भारतीय
कितने भारतीय छात्रों पर पड़ेगा असर?
ओपन डोर्स 2024 रिपोर्ट के अनुसार, OPT कार्यक्रम का फायदा उठाने वालों में सबसे ज्यादा भारतीय छात्र हैं।
पिछले कुछ सालों में भारी संख्या में भारतीय छात्रों ने OPT को चुना है।
2023-24 में अमेरिका में 3.31 लाख भारतीय छात्रों में से 97,556 छात्र (29.42 प्रतिशत) OPT कार्यक्रम में थे। 2022-23 में यह आंकड़ा 69,062 और 2021-22 में 68,188 था।
ऐसे में कार्यक्रम बंद होने का असर बड़ी संख्या में भारतीय छात्रों पर पड़ेगा।
असर
कार्यक्रम बंद होने का क्या असर होगा?
अगर OPT कार्यक्रम को बंद किया गया तो छात्रों को पढ़ाई पूरी होने के फौरन बाद अमेरिका छोड़ना होगा। इससे उनकी नौकरी तलाशने की संभावनाएं और आर्थिक स्थिति को लेकर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
यही वजह है कि कई छात्रों ने गर्मियों की छुट्टियों में अपने देश जाने की योजना रद्द कर दी है।
कथित तौर पर कॉर्नेल, कोलंबिया और येल जैसे संस्थानों ने विदेशी छात्रों को छुट्टियों के दौरान घर जाने से बचने की सलाह दी है।
विशेषज्ञ
क्या कह रहे हैं जानकार?
इकोनॉमिक टाइम्स से आव्रजन कानून फर्म लॉक्वेस्ट की संस्थापक पूर्वी चोथानी ने कहा, "OPT छात्रों को पढ़ाई होने के बाद एक साल के लिए नौकरी खोजने की अनुमति देता है। अगर विधेयक पारित हो जाता है तो छात्रों को तुरंत अमेरिका छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।"
BBC से वीजा काउंसलर गमनदीप सिंह ने कहा, "OPT नहीं होगा तो छात्रों को तुरंत देश लौटना पड़ेगा। सबसे ज्यादा मार उन बच्चों पर पड़ेगी, जो सामान्य कोर्स कर रहे हैं।"