असम में गूंजेगी गोविंदा की जयकार, TTD को वेंकटेश्वर मंदिर के लिए मिली 10 एकड़ जमीन
देश
तिरुपति के मशहूर मंदिर का संचालन करने वाले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को गुवाहाटी के पास सोनपुर में 10.33 एकड़ जमीन मिली है। इस जमीन पर वेंकटेश्वर स्वामी का एक नया मंदिर बनाया जाएगा। मंगलवार को असम के मेट्रोपॉलिटन डिप्टी कमिश्नर ने TTD को इस जमीन के मालिकाना हक का प्रमाणपत्र सौंपा। यह TTD की उस बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर के राज्यों की राजधानियों में श्रीवारी मंदिर बनाने की तैयारी है।
TTD अध्यक्ष ने बताया, जल्द होगा भूमि पूजन
TTD के अध्यक्ष बीआर नायडू ने बताया है कि असम के अधिकारियों से बातचीत के बाद अब सभी इंतजाम पूरे हो गए हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और TTD ट्रस्ट बोर्ड का भी इसमें पूरा सहयोग मिल रहा है। नायडू ने यह भी बताया कि जल्द ही यहां भूमि पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।