अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर TMC-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, कई घायल
क्या है खबर?
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन पर कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर जमकर हंगामा हुआ। अभिषेक ने बताया कि किसी को 'चोर' कहने वाले नारे लगाने के बाद उनके आवास के बाहर तड़के करीब 2 बजे झड़प हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने TMC कार्यकर्ताओं पर ईंट-पत्थर से हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
बयान
अभिषेक बोले- 6 महीने में 7वीं बार हमला हुआ
अभिषेक ने कहा, 'लगातार 2 दिनों की रेकी के बाद आज रात 2 बजे भाजपा के गुंडों ने मेरे घर पर हमला किया। अगर एक चुने हुए सांसद के साथ ऐसा हो सकता है, तो सोचिए पश्चिम बंगाल में आम आदमी का क्या हाल होगा। पिछले 6 महीनों में मुझ पर जानलेवा हमले की यह 7वीं कोशिश है। फिर भी, न पुलिस ने कोई कार्रवाई की और न ही न्यायपालिका ने कोई दखल दिया।'
घटना
पोस्टर-बैनर लगाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक के जन्मदिन पर उनके समर्थक आवास के बाहर बैनर और पोस्टर लगा रहे थे। इसी दौरान उनकी स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। कुछ लोगों पर लोहे की छड़ और हॉकी स्टिक से भी हमला करने के आरोप हैं।
हालात को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
हमला
अभिषेक बोले- एक कार्यकर्ता की हड्डी टूटी
अभिषेक ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक रिवाल्वर लेकर आए थे और उनका जान से मारने का इरादा था।
उन्होंने कहा, "हमारे एक सहकर्मी के अंगूठे के पास चोट लगी। मैंने उसे टांके लगवाने के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टर ने कहा कि टांके काफी नहीं होंगे, उसे प्लास्टिक सर्जरी करानी पड़ेगी। एक अन्य व्यक्ति की आंख के नीचे की हड्डी टूट गई। उन्होंने पत्थर और ईंटें फेंकीं। यह सब पुलिस की आंखों के सामने हुआ।"
भाजपा
भाजपा ने घटना को 'नाटक' बताया
भाजपा ने अभिषेक के दावों को नाटक बताया है।
बंगाल भाजपा मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "पहली बार हम किसी नेता का जन्मदिन फुटपाथ पर मनाते हुए देख रहे हैं! अगर कोई रात में हंगामा करता है, तो विरोध प्रदर्शन होना स्वाभाविक है। अभिषेक बनर्जी को मारने का समय किसके पास है? अब कुछ बचा ही नहीं है, इसलिए भावनात्मक बयानबाजी का इस्तेमाल करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।"