उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की जान चली गई, जिनमें एक 11 साल का बच्चा भी शामिल है।
यह हादसा शनिवार सुबह-सुबह संभल जिले के बहजोई इलाके के पास हुआ। उनकी कार गन्ने से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई थी। इस हादसे में जान गंवाने वालों में 40 साल के अजय कुमार, उनके 11 साल के बेटे पीयूष और 30 साल के साले राजकुमार शामिल थे।
पुलिस घटना की जांच कर रही
इस हादसे में 38 साल की अजय की पत्नी शैलेश कुमारी बच तो गईं, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि वह पहले से ही कैंसर से जूझ रही थीं।
यह परिवार दिल्ली में इलाज करवाकर आजमगढ़ स्थित अपने घर वापस जा रहा था, तभी यह भयानक हादसा हुआ। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि कहीं ड्राइवर ने शराब पी रखी थी या फिर उसे नींद आ गई थी। पुलिस को कार में शराब की एक बोतल भी मिली है।