नेटफ्लिक्स को FWICE की दो टूक- जो हमारे देश के साथ नहीं, वो हमारे साथ नहीं
क्या है खबर?
पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचाए हैं संग समेट लो' को लेकर विवाद अब और बढ़ गया है। फवाद खान और माहिरा खान की इस सीरीज का प्रीमियर 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर होना है। इसी बीच फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने नेटफ्लिक्स को कड़ी चेतावनी दी है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अगर ये शो नहीं रोका गया तो वो पूरे भारत में नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स से अपने कर्मचारियों को हटा लेंगे।
दावा
नेटफ्लिक्स पर भारत की नीतियों के खिलाफ कंटेंट दिखाने का आरोप
ANI को FWICE अध्यक्ष बीएन तिवारी ने बताया कि नेटफ्लिक्स भारत की नीतियों या राष्ट्रीय हितों के खिलाफ कंटेंट न दिखाने पर सहमत हुआ था। उन्होंने कहा, "इसके बावजूद उन्होंने एक पाकिस्तानी सीरीज का प्रोमो जारी कर दिया है और यह शो जल्द रिलीज होने वाला है। मुझे पता है कि उनका नियंत्रण अमेरिका से है और प्रसारण वहीं से होता है; वरना अगर ये भारत के किसी कोने से होता, तो हम इसे अब तक रोक चुके होते।"
धमकी
नेटफ्लिक्स से कर्मचारी वापस बुलाएगी FWICE
तिवारी ने बताया कि भारत सरकार ने पहले ही यहां काम करने वाले सभी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तानी कंटेंट न दिखाने का निर्देश दिया था।
OTT दिग्गज नेटफ्लिक्स को कड़ी चेतावनी देते हुए बीएन तिवारी ने कहा कि अगर नेटफ्लिक्स ने फवाद खान और माहिरा खान की सीरीज 'जो बचाए हैं संग समेट लो' पर बैन नहीं लगाया तो फेडरेशन नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स से अपने कर्मचारियों को वापस बुला सकता है।
शूटिंग
शूटिंग ठप करने की चेतावनी
FWICE अध्यक्ष ने समाचार एजेंसी को बताया, "नेटफ्लिक्स अब तक हमारी नजर में ठीक रहा है। अगर वे इसे नहीं रोकते हैं, तो जहां भी उनकी शूटिंग चल रही है, मैं वहां से अपने लोगों को हटा लूंगा और हर लोकेशन पर उनकी शूटिंग रुक जाएगी।"
फेडरेशन अध्यक्ष ने यह भी कहा कि FWICE न तो पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करेगा और ना ही अपने सदस्यों को उनके साथ काम करने देगा।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए क्या बोले FWICE अध्यक्ष
#WATCH | Varanasi, Uttar Pradesh: President of the Federation of Western India Cine Employees (FWICE), BN Tiwari, said, "In 2025, an agreement was reached between Netflix and the Indian government. It was stipulated that they would not showcase any content that goes against our… pic.twitter.com/HdTVhVcQs1
— ANI (@ANI) November 26, 2026
खामियाजा
नेटफ्लिक्स को फैसले का भुगतना पड़ सकता है असर
तिवारी ने दावा किया कि ये फेडरेशन इंडस्ट्री के करीब 95 प्रतिशत कर्मचारियों, कलाकारों और तकनीशियनों का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के फैसले का भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के साथ उसके कामकाजी रिश्तों पर सीधा असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा, "जो हमारे देश के साथ नहीं है, वो हमारे साथ नहीं है।"
बता दें कि 'जो बचाए हैं संग समेट लो' नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी सीरीज है, जिसका ट्रेलर हाल ही में कराची में रिलीज हुआ।