महाराजगंज: प्रेम करने की खौफनाक सजा! तीन भाइयों ने 19 साल की बहन को मार डाला
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां तीन भाइयों ने मिलकर अपनी 19 साल की बहन की हत्या कर दी। इनमें से एक भाई नाबालिग है। जानकारी के मुताबिक, भाइयों ने अपनी बहन को एक स्थानीय युवक के साथ देख लिया था। इसी बात पर वे भड़क उठे और गुस्से में आकर उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उन्होंने बहन के शव को गोरखपुर ले जाकर अंतिम संस्कार भी कर दिया। हमले में घायल हुआ युवक बच निकला है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भाइयों ने जुर्म कबूला, पुलिस ने जातिगत रंजिश को बताया हत्या का मकसद
घायल युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद यह मामला सामने आया। पुलिस की जांच के दौरान तीनों भाइयों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी भाइयों में कमलेश (25) और अमलेश (23) शामिल हैं, जबकि एक तीसरा भाई नाबालिग है। पुलिस के मुताबिक, भाइयों ने जातिगत मतभेदों के कारण बहन के इस रिश्ते को मंजूर नहीं किया था, यही हत्या का मकसद था। वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड को पुलिस ने बरामद कर लिया है। अब कमलेश और अमलेश को अदालत में पेश किया जाएगा, वहीं नाबालिग भाई का मामला जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने रखा जाएगा।