चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में ED की बड़ी कार्रवाई, कोलकाता DCP के घर पर छापा
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) लगातार छापे मार रही है। आज सुबह ED ने कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (DCP) शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर छापेमारी की है। ED की टीम सुबह करीब 7 बजे बालीगंज स्थित फर्न रोड पर उनके घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि कुल 3 जगहों पर तलाशी ली जा रही है, जिनमें दो ठिकाने शांतनु से जुड़े हैं।
छापे
कारोबारी कामदार के आवास पर भी छापा
ED ने सन एंटरप्राइज के मैनेजिंग डायरेक्टर जॉय कामदार के बेहाला स्थित आवास पर भी छापा मारा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कामदार के घर से पहले भी नकदी बरामद हो चुकी है और जांच एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। यह कार्रवाई सोना पप्पू और जॉय कामदार से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के सिलसिले में की जा रही है। ये मामला PMLA से जुड़ा है।
तलब
DCP को पहले किया गया था तलब
ED ने PMLA मामले और कोयला घोटाले के संबंध में DCP शांतनु बिस्वास को तलब किया था। उन्हें 6 अप्रैल सुबह 11 बजे दिल्ली में ED के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया था। इससे पहले ED ने पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के घर पर छापा मारा था। यह कार्रवाई शिक्षा घोटाले से जुड़े मामले में की गई थी। चुनावों से पहले ED की सक्रियता ने राजनीतिक बयानबाजी को तेज कर दिया है।