एंथ्रोपिक के क्लाउड डिजाइन AI टूल का कैसे करें उपयोग?
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक लगातार नए-नए AI टूल्स लॉन्च कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी ने अब क्लाउड डिजाइन नाम का नया टूल पेश किया है। यह टूल सिर्फ टेक्स्ट लिखकर डिजाइन, प्रोटोटाइप और प्रेजेंटेशन तैयार कर सकता है। इसके आने से डिजाइन सॉफ्टवेयर बाजार में हलचल बढ़ गई है। इस खबर के बाद एडोब और फिग्मा जैसी कंपनियों के शेयरों में गिरावट भी देखी गई, जिससे इस टूल के प्रभाव का अंदाजा लगाया जा रहा है।
टूल
क्या है क्लाउड डिजाइन टूल?
क्लाउड डिजाइन एंथ्रोपिक के नए मॉडल पर आधारित एक स्मार्ट टूल है, जो डिजाइनरों और आम यूजर्स दोनों के लिए काम आसान बनाता है। इसमें यूजर एक इमेज, डॉक्यूमेंट या कोड डालकर डिजाइन तैयार कर सकता है। यह टूल पहले ड्राफ्ट बनाता है और फिर यूजर कमेंट या एडिट के जरिए उसे बेहतर बना सकता है। यह टीम के डिजाइन सिस्टम को भी अपने आप लागू करता है, जिससे हर प्रोजेक्ट एक जैसा दिखता है।
तरीका
कैसे करें इस टूल का उपयोग?
इस टूल का इस्तेमाल करना काफी आसान है। सबसे पहले क्लाउड ऐप या वेबसाइट खोलकर नया प्रोजेक्ट बनाना होता है। इसके बाद यूजर अपनी जरूरत के अनुसार फाइल, इमेज या टेक्स्ट जोड़ सकता है। टूल खुद डिजाइन तैयार कर देता है, जिसे यूजर चैट या कमेंट के जरिए सुधार सकता है। काम पूरा होने पर डिजाइन को PDF, PPT या HTML फाइल के रूप में डाउनलोड भी किया जा सकता है।
अन्य
अन्य खास बातें और असर
कंपनी के अनुसार यह टूल प्रोटोटाइप, पिच डेक और मार्केटिंग कंटेंट बनाने में काफी मददगार है। इसे प्रो, टीम और एंटरप्राइज यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इससे डिजाइन इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव आ सकता है। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि इससे पारंपरिक डिजाइन टूल्स पर दबाव बढ़ेगा, लेकिन इससे काम तेज और आसान जरूर होगा, जिससे ज्यादा लोग डिजाइनिंग कर पाएंगे।