जेवर हवाई अड्डे से 15 जून से शुरू होंगी उड़ानें, दिल्ली को मिलेगी बड़ी राहत
नोएडा स्थित जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई हड्डा 15 जून 2026 से यात्रियों के लिए खुल जाएगा। इस नए हवाई अड्डे के शुरू होने से दिल्ली के प्रमुख हवाई अड्डे पर भीड़ कम होने की उम्मीद है। अभी मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता के लिए घरेलू उड़ानें शुरू करने पर चर्चा चल रही है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा मंजूरी मिलते ही इंडिगो एयरलाइंस यहां से अपनी पहली उड़ान सेवा शुरू कर सकती है।
11,200 करोड़ में तैयार हुआ नोएडा हवाई अड्डा
आकाश एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी जल्द ही यहां से अपनी सेवाएं शुरू कर सकती हैं। हालांकि, अभी तक टिकटों की बुकिंग शुरू होने की तारीखों का एलान नहीं किया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 11,200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट के पहले चरण में केवल एक रनवे और एक टर्मिनल होगा। इससे हर साल 1.2 करोड़ यात्रियों का आवागमन हो सकेगा। इसके शुरू होने से न सिर्फ उत्तर भारत के अलग-अलग इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी दबाव कम होगा।