NEET सुधारों पर जल्द हो सकता है बड़ा फैसला, नीलेकणि समिति की पहली रिपोर्ट का इंतजार
NEET से जुड़ी हर खबर पर नजर रखने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि नंदन नीलेकणि समिति NEET में सुधारों को लेकर इस महीने के आखिर तक अपनी पहली अंतरिम रिपोर्ट सौंपने वाली है। समिति ने अब तक कई बैठकें की हैं, जिनमें ISRO के पूर्व चेयरमैन के राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली पिछली कमेटी के सदस्यों के साथ भी चर्चा शामिल है। इन चर्चाओं का मकसद यह पता लगाना था कि NEET सिस्टम में असल में किन सुधारों की जरूरत है।
सुप्रीम कोर्ट बोला- NEET की सिफारिशें लागू हों
सुप्रीम कोर्ट ने साफ-साफ कहा है कि NEET के लिए सिर्फ अच्छी बिल्डिंगें ही नहीं, बल्कि स्थायी कर्मचारियों वाला एक मजबूत और पक्का सिस्टम होना चाहिए। भले ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सुविधाओं को बेहतर किया गया है, लेकिन अभी भी अस्थायी कर्मचारियों के बजाय स्थायी लोगों की भर्ती पर ध्यान देना बाकी है। कोर्ट ने इस बात का सबूत भी मांगा है कि दोनों पैनलों की सिफारिशों को वाकई लागू किया जा रहा है, खासकर कर्मचारियों की भर्ती और उनकी स्थायी नियुक्ति के मामले में।