Loading...
रांची से छिनेगी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की मेजबानी? भारतीय टीम प्रबंधन ने BCCI से लगाई गुहार
रांची से छिन सकती है बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की मेजबानी

रांची से छिनेगी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की मेजबानी? भारतीय टीम प्रबंधन ने BCCI से लगाई गुहार

Sep 18, 2026
11:41 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बहुप्रतीक्षित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2027 का आयोजन 21 जनवरी से 27 फरवरी, 2027 तक होगा। इसकी मेजबानी भारत करेगा, लेकिन अब इसके कार्यक्रम में बदलाव होता नजर आ रहा है। सीरीज के चौथे मुकाबले की मेजबानी रांची के झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) स्टेडियम को मिली है, लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस मुकाबले को कहीं और स्थानांतरित करने की गुहार लगाई है। आइए इसका कारण जानते हैं।

कारण

टीम प्रबंधन ने क्यों की यह मांग?

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह रांची की भौगोलिक स्थिति और वहां सर्दियों के दौरान होने वाला जल्दी सूर्यास्त है।

टीम प्रबंधन ने BCCI से कहा कि जनवरी-फरवरी के महीनों में रांची में सूर्यास्त बहुत जल्दी होता है। कम रोशनी में खेल का समय घट सकता है और मैच के लिए जरूरी हर दिन के 90 ओवर पूरे करना मुश्किल हो जाएगा।

ऐसे में इस टेस्ट को स्थानांतरित करना ही बेहतर विकल्प होगा।

जानकारी

दक्षिण अफ्रीका सीरीज का कड़वा अनुभव

भारतीय टीम 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान कोलकाता और गुवाहाटी जैसे पूर्वी शहरों में यह परेशानी झेल चुकी है। गुवाहाटी टेस्ट में सुबह जल्दी खेल शुरू करने के बावजूद कम रोशनी के कारण 90 ओवर नहीं हो पाए थे।

ADVERTISEMENT

विकल्प

रांची की जगह दौड़ में शामिल 3 नए दावेदार शहर

सूत्रों के अनुसार, अगर BCCI टीम प्रबंधन के इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए आधिकारिक मुहर लगाता है, तो रांची की जगह हैदराबाद, राजकोट और विशाखापट्टनम में से किसी एक को इस ऐतिहासिक मुकाबले की मेजबानी सौंपी जा सकती है।

इस का कारण है सर्दियों में इन शहरों में तापमान सामान्य रहता है और सूर्यास्त के जल्दी होने की समस्या भी नहीं रहती है।

हालांकि, BCCI ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

ADVERTISEMENT

कार्यक्रम

वर्तमान में क्या है बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2027 का कार्यक्रम?

BCCI द्वारा पहले घोषित किए गए कार्यक्रम के अनुसार, 5 मैचों की यह टेस्ट सीरीज 21 जनवरी से 27 फरवरी तक खेली जानी है।

पहला टेस्ट नागपुर (21-25 जनवरी), दूसरा टेस्ट चेन्नई में (29 जनवरी - 2 फरवरी), तीसरा टेस्ट गुवाहाटी में (11-15 फरवरी), चौथा टेस्ट रांची में (19-23 फरवरी) और 5वां टेस्ट अहमदाबाद में (27 फरवरी - 3 मार्च) खेला जाएगा।

भारतीय टीम इस समय विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 51.52 प्रतिशत अंकों के साथ 5वें स्थान पर है।

ADVERTISEMENT