मैट्रिमोनियल साइट्स पर प्यार का झांसा देकर ठगी, गृह मंत्रालय ने जारी की चेतावनी
गृह मंत्रालय ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स और ऐप्स पर लगातार बढ़ रही धोखाधड़ी को लेकर लोगों को चेतावनी दी है। ठग अक्सर खुद को डॉक्टर, इंजीनियर या अनिवासी भारतीय (NRI) बताकर फर्जी प्रोफाइल बनाते हैं। पहले वे लोगों का भरोसा जीतते हैं, फिर भावनात्मक कहानियां गढ़कर पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं। मंत्रालय ने सलाह दी है कि रिश्ते को आगे बढ़ाने में जल्दबाजी बिल्कुल न करें, बल्कि हर जानकारी को अच्छी तरह जांचें-परखें। अगर सामने वाला वीडियो कॉल से बच रहा हो या शादी के लिए बेवजह दबाव बना रहा हो, तो फौरन सतर्क हो जाएं।
गृह मंत्रालय ने बताए खतरे के संकेत
खतरे के आम संकेतों में कस्टम्स फीस, यात्रा खर्च या अचानक आई किसी आपात स्थिति के नाम पर पैसे मांगे जाना शामिल है। गृह मंत्रालय ने सलाह दी है कि लोग रिवर्स इमेज सर्च टूल का इस्तेमाल करके चोरी की तस्वीरों का पता लगा सकते हैं। साथ ही हमेशा सामने वाले के सोशल मीडिया अकाउंट्स की अच्छी तरह जांच करें। अगर आप ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो अपनी सभी बातचीत और पैसों के लेन-देन की रसीदों को सबूत के तौर पर सुरक्षित रखें। इसकी शिकायत तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन (1930) या सरकार के साइबर अपराध पोर्टल पर करें।