सिम स्वैप धोखाधड़ी: BSNL को भारी पड़ी लापरवाही, कोर्ट ने लगाया 55 लाख रुपये का जुर्माना
कर्नाटक हाई कोर्ट ने भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) पर 55 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया है। दरअसल, एक सिम स्वैप फ्रॉड के जरिए धोखेबाजों ने एक बैंक से 87 लाख से ज्यादा की रकम चुरा ली थी। कोर्ट ने कहा कि BSNL ने डुप्लीकेट सिम कार्ड जारी करने से पहले पहचान की ठीक से जांच नहीं की। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर फ्रॉड करने वालों को पीड़ित के बैंक अकाउंट तक पहुंच मिल गई और उन्होंने कई अनाधिकृत लेनदेन किए।
जस्टिस सूरज गोविंदराज ने टेलीकॉम कंपनियों को दी चेतावनी
कोर्ट ने BSNL के सिर्फ बहाने ही खारिज नहीं किए, बल्कि मुआवजे की रकम को बढ़ाकर 55 लाख रुपये से अधिक कर दिया। इस मुआवजे में गंवाई गई रकम के साथ-साथ प्रतिष्ठा को हुए नुकसान की भरपाई भी शामिल है। जस्टिस सूरज गोविंदराज ने स्पष्ट किया कि टेलीकॉम कंपनियों को सिम बदलने की अर्जियों को गंभीरता से लेना होगा। उन्हें ग्राहक की पहचान की दोबारा पुष्टि करनी होगी, वरना आम लोगों की गाढ़ी कमाई दांव पर लग सकती है।