मेक इन इंडिया का कमाल, टाटा ने तय समय से पहले तैयार किया देश का पहला C-295 विमान
भारत में टाटा द्वारा बनाई गए पहले C-295 परिवहन विमान गुजरात के वडोदरा स्थित टाटा के कारखाने से तय समय से पहले ही बनकर तैयार हो जाएगा। इस प्लांट का उद्घाटन 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री सांचेज ने मिलकर किया था। यह भारत की 'मेक इन इंडिया' पहल के लिए एक बड़ा कदम है और इससे देश की रक्षा उत्पादन क्षमता में काफी बढ़ोतरी होगी।
एयरबस का 32,550 करोड़ रुपये की परियोजना अव्रो की जगह लेगी
यह 3.5 अरब डॉलर (लगभग 32,550 करोड़ रुपये) की परियोजना, जो एयरबस के साथ मिलकर चलाई जा रही है, भारतीय वायुसेना के पुराने अव्रो विमानों की जगह लेगी। इस परियोजना के तहत 16 विमान सीधे तैयार हालत में मिलेंगे, जबकि बाकी 40 विमान भारत में ही असेंबल किए जाएंगे। इसके साथ ही भारत ने नौसेना और तटरक्षक बल के लिए 15 और C-295 विमानों का ऑर्डर भी दिया है। देश में एक नया MRO (मेंटेनेंस) सेंटर भी तैयार किया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, युवाओं को तकनीकी कौशल मिलेगा और देश की रक्षा क्षमता और मजबूत होगी।