LOADING...
लखनऊ: नतीजों से नाखुश सपा पदाधिकारी ने की आत्महत्या करने की कोशिश
लखनऊ: नतीजों से नाखुश सपा पदाधिकारी ने की आत्महत्या करने की कोशिश

लखनऊ: नतीजों से नाखुश सपा पदाधिकारी ने की आत्महत्या करने की कोशिश

Mar 11, 2022
02:03 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की हार से निराश एक पदाधिकारी ने गुरुवार को कथित तौर पर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। सपा के कानपुर जिला उप प्रमुख नरेंद्र सिंह ने नतीजों के बाद लखनऊ स्थित विधान भवन के बाहर खुद को आग लगा ली। कानपुर जिला प्रमुख डॉ इमरान ने कहा कि सिंह ने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उन्हें लगा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में हेरफेर के कारण सपा यह चुनाव हारी है।

जानकारी

गंभीर बनी हुई है स्थिति

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, पेशे से कारोबारी सिंह आग लगने से 30 प्रतिशत झुलस गए हैं और सरकारी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है। हजरतगंज पुलिस थाने के SHO श्याम बाबू शुक्ला ने कहा कि अभी तक सिंह के बयान दर्ज नहीं किए हैं। बयान दर्ज होने के बाद ही उनके इस कदम की पीछे की वजह पता चल पाएगी। सिंह गुरुवार को ही कानपुर से लखनऊ आए थे।

घटना

पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

पुलिस ने बताया कि विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार भाजपा की जीत की खबर सुनकर सिंह विधान भवन के बाहर आए। उन्होंने जेब से पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों को देखकर वहां तैनात पुलिसकर्मी भागे और आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाने के बाद सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।

उत्तर प्रदेश

भाजपा को मिला प्रचंड बहुमत

राजनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश की बात करें तो राज्य की 403 सीटों में से 273 पर भाजपा और उसके सहयोगी ने जीत दर्ज की है। सपा और उसके सहयोगी मात्र 125 सीट ही जीत पाए, वहीं मायावती की बसपा लगभग साफ हो गई है और मात्र एक सीट जीत हासिल की। कांग्रेस और अन्य ने केवल दो-दो सीटें जीती हैं। इस जीत से भाजपा में योगी आदित्यनाथ का कद काफी बढ़ेगा।

हेल्पलाइन

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

आत्महत्या एक गंभीर समस्या है। अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं तो आप नीचे दिये नंबरों पर फोन कर मदद प्राप्त कर सकते हैं। आसरा: यह मुंबई स्थित NGO है, जो परेशान और अवसाद से घिरे लोगों की मदद करता है। हेल्पलाइन नंबर- 91-22- 27546669 स्नेहा इंडिया फाउंडेशन: यह संस्था हफ्ते के सातों दिन 24 घंटे सेवा देती है। हेल्पलाइन नंबर- 91-44-24640050 वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ: हेल्पलाइन नंबर- 18602662345