
सोनाली फोगाट को जबरन दी गई थी ड्रग्स, दो घंटे तक टॉयलेट में रखा- गोवा पुलिस
क्या है खबर?
हरियाणा भाजपा की नेता और टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट के शव का शुक्रवार को हिसार स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस बीच उनकी मौत की जांच में जुटी गोवा पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।
पुलिस का कहना है कि गोवा में आयोजित पार्टी के दौरान सोनाली को पानी में मिलाकर जबरन ड्रग्स दी गई थी। इसके बाद उन्हें दो घंटे तक टॉयलेट में रखा गया था। उनकी मौत के पीछे यह बड़ा कारण है।
बयान
सुधीर सांगवान ने दी थी सोनाली को ड्रग्स- DGP
गोवा के पुलिस महानिदेशक (DGP) जसपाल सिंह के अनुसार, पार्टी में फोगाट का साथी सुधीर सांगवान ड्रग्स लाया था और उसने अपने दोस्त सुखविंदर सिंह के साथ मिलकर ड्रग्स को पानी में मिलाया था। उसके बाद सुधीर ने जबरन सोनाली को वह ड्रग्स दी थी।
DGP ने कहा कि ड्रग की अधिक मात्रा से सोनाली की तबीयत बिगड़ने पर दोनों उन्हें टॉयलेट में ले गए और दो घंटे तक वहीं रखा। यह सब CCTV फुटेज में भी कैद हुआ है।
समय
रात करीब 12 बजे दी गई थी सोनाली को ड्रग्स
महानिरीक्षक (IGP) ओमवीर सिंह बिश्नोई ने बताया कि सुधीर और सुखविंदर ने वारदात कुबूल कर ली है। इस पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ने रात करीब 12 बजे सोनाली को ड्रग्स दी थी। ड्रग्स का खुलासा उसकी लेबोरेट्री जांच के बाद ही किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी में दो और लड़कियां भी थी। उन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाया है। कुछ लोग मुंबई से भी गए थे। CCTV में सभी पार्टी करते दिख रहे हैं।
चोट
पोस्टमार्टम में सोनाली के शरीर पर मिले चोट के निशान
इससे पहले गुरुवार को गोवा पुलिस ने पोस्टमार्टम में सोनाली के शरीर पर चोट के तीन-चार निशान मिलने का खुलासा किया था। यह पोस्टमार्टम गोवा मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों की टीम के द्वारा किया गया था और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
इससे पहले सोनाली के भाई की रिपोर्ट के आधार पर सुधीर और सुखविंदर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अंतिम संस्कार
हिसार में किया गया सोनाली का अंतिम संस्कार
इधर, दोपहर साढ़े 12 बजे हिसार में सोनाली का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी बेटी यशोधरा ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान लोग 'सोनाली के कातिलों को फांसी हो' के नारे लगाते रहे।
इससे पहले सुबह लगभग सवा 10 बजे सोनाली का पार्थिव शरीर हिसार सिविल अस्पताल की मॉर्चरी से अंतिम दर्शन के लिए उनके ढंढूर फार्म हाउस लाया गया। उसके बाद ऋषि नगर श्मशान घाट के लिए अंतिम यात्रा निकाली गई।
पृष्ठभूमि
गोवा में हुई थी सोनाली की मौत
22 अगस्त की रात गोवा में सोनाली फोगाट की मौत हो गई थी। शुरुआत में बताया गया कि हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है।
हालांकि, उनके परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए CBI जांच की मांग की है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि उनके शरीर पर नुकीली चीजों से प्रहार किया गया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि परिवार लिखित मांग करता है तो राज्य सरकार CBI जांच जरूर कराएगी।