Page Loader
सिंगापुर में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा, क्या है भारत के हवाई अड्डों की रैंक?
सिंगापुर का चांगी हवाई अड्डा दुनिया का सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा घोषित (पिक्साबे)

सिंगापुर में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डा, क्या है भारत के हवाई अड्डों की रैंक?

लेखन गजेंद्र
Apr 11, 2025
02:24 pm

क्या है खबर?

ब्रिटेन स्थित एविएशन रेटिंग प्लेटफ़ॉर्म स्काईट्रैक्स ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ 100 हवाई अड्डों की सूची जारी की है, जिसमें सिंगापुर के चांगी हवाई अड्डे को पहले स्थान पर रखा गया है। स्काईट्रैक्स विश्व हवाई अड्डा अवार्ड 2025 की सूची में हमाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (दोहा) को दूसरा और टोक्यो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (हनेडा) को तीसरा स्थान मिला है। चांगी हवाई अड्डे को पहले भी 12 बार यह सम्मान मिल चुका है। आइए, जानते हैं कि भारत की रैंक क्या है?

हवाई अड्डा

ये हैं विश्व के सर्वश्रेष्ठ 10 हवाई अड्डे

1- चांगी हवाई अड्डा (सिंगापुर) 2- दोहा हमाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (कतर) 3- टोक्यो हनेडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जापान) 4- सियोल इंचियोन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (दक्षिण कोरिया) 5- टोक्यो नारिता अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जापान) 6- हांगकांग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 7- पेरिस चार्ल्स डी गॉल हवाई अड्डा (फ्रांस) 8- रोम फ़्यूमिसिनो हवाई अड्डा (इटली) 9- म्यूनिख हवाई अड्डा (जर्मनी) 10- ज्यूरिख हवाई अड्डा (स्विट्जरलैंड)

रैंक

भारत के हवाई अड्डों की क्या है रैंक?

विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डों की सूची में भारत के 5 हवाई अड्डों को शामिल किया गया है, जो टॉप 30 हवाई अड्डों की सूची से बाहर हैं। दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सूची में 32वें स्थान पर है, कर्नाटक में बेंगलुरु का केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 48वें स्थान पर, तेलंगाना में हैदराबाद का राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 56वें स्थान पर, महाराष्ट्र में मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 73वें स्थान पर है।

रैंक

दक्षिण एशिया में सर्वश्रेष्ठ हैं भारत के हवाई अड्डे

स्काईट्रैक्स की सूची में दिल्ली का हवाई अड्डा दक्षिण एशिया में सर्वश्रेष्ठ है और बेंगलुरु का हवाई अड्डा क्षेत्रीय हवाई अड्डे के रूप में दक्षिण एशिया में सर्वश्रेष्ठ माना गया है। हैदराबाद का हवाई अड्डा दक्षिण एशिया में सर्वश्रेष्ठ स्टाफ सेवा के लिए स्थान पाया है। सूची में गोवा को मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी 80वें स्थान पर है, जिसे दक्षिण एशिया में सबसे स्वच्छ और 50 लाख से कम यात्री संख्या के हिसाब से सर्वश्रेष्ठ माना गया है।

रैंक

अमेरिका भी टॉप 20 में नहीं

स्काईट्रैक्स ने ऐसे हवाई अड्डों को सर्वश्रेष्ठ बताया है, जो विश्व स्तरीय सुविधाओं के मामले में बढ़िया हैं और उनको स्वच्छता, सुंदरता, स्टाफ सेवा और यात्रियों के अनुकूल बेहतर पाया गया है। 100 हवाई अड्डों की सूची में कुछ देश के केवल एक या 2 हवाई अड्डे ही शामिल हैं। कनाडा का वैंकूवर हवाई अड्डे ने टॉप 20 में जगह बनाई है, लेकिन अमेरिका टॉप 20 सूची से बाहर है। बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका के हवाई अड्डे इसमें नहीं हैं।