पंजाब के फिरोजपुर में पिकअप और ट्राले की भिडंत, 8 लोगों की मौत
क्या है खबर?
पंजाब के फिरोजपुर में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां पिकअप वाहन और ट्राले की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई है। इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है और 10 से ज्यादा लोग घायल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर जंगावाला मोड़ के पास हुई। फिलहाल घायलों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस
पिकअप में सवार थे 25 लोग
पुलिस ने बताया कि पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे और वे जलालाबाद से अमृतसर के ब्यास जा रहे थे। ये सभी लोग किसी परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे कई लोग अंदर ही फंस गए। गंभीर रूप से घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
बयान
पिकअप में सवार शख्स ने बताया मौके का हाल
दैनिक जागरण से बात करते हुए पिकअप में सवार अंशप्रीत ने कहा, "सुबह 3:30 बजे अस्थियां लेकर करीब 30 लोग रवाना हुए थे। रास्ते में गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के बाद जैसे ही जनगांव वाला मोड़ के पास पहुंचे तो सड़क के बीच में खड़े ट्राले से अचानक पिकअप गाड़ी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्ती की गाड़ी पलट गई। पिकअप के ऊपर छत भी डाल रखी थी जिसमें कुछ पारिवारिक सदस्य बैठे हुए थे।"