ड्रग तस्करों से खूनी मुठभेड़, असम पुलिस का हवलदार गंभीर रूप से घायल
असम-मणिपुर सीमा के करीब नशीले पदार्थों के खिलाफ एक छापेमारी में 55 साल के वरिष्ठ असम पुलिसकर्मी हवलदार शरीफ होसैन काजी गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल, संदिग्ध ड्रग तस्करों ने उनकी टीम पर अचानक गोलीबारी कर दी, जिससे उनके पेट और कमर के निचले हिस्से में गोलियां लगीं। सिलचर में शुरुआती इलाज मिलने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उन्हें हवाई एंबुलेंस से गुवाहाटी रैफर कर दिया गया।
कोई गिरफ्तारी नहीं, पुलिस जंगलों में तलाश में जुटी
पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ तस्कर मणिपुर से सीमा पार कर आ रहे हैं, जिसके बाद यह ऑपरेशन चलाया गया। काछार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजीब सैकिया ने बताया कि पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी करने के बाद संदिग्ध बदमाश घने जंगलों की ओर भाग गए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हवलदार काजी अकेले नहीं थे। इस ऑपरेशन में एक पूरी टीम शामिल थी, जिसमें सादे कपड़ों वाले पुलिसकर्मी भी रणनीति के तहत साथ थे। फिलहाल, इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस इलाके में, जहां अक्सर नशीले पदार्थों की तस्करी को लेकर झड़पें होती रहती हैं, पुलिस का तलाशी अभियान अभी भी चल रहा है।