Page Loader
अमेरिका से 119 अवैध अप्रवासी भारतीयों को लेकर दूसरा विमान अमृतसर पहुंचा 
अमेरिका से अवैध अप्रवासी भारतीयों को लेकर दूसरा विमान अमृतसर पहुंचा (फाइल फोटो)

अमेरिका से 119 अवैध अप्रवासी भारतीयों को लेकर दूसरा विमान अमृतसर पहुंचा 

लेखन आबिद खान
Feb 15, 2025
11:49 pm

क्या है खबर?

डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद अमेरिका से अवैध अप्रवासियों के निर्वासन का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में अमेरिका में अवैध तरीके से रह रहे 119 भारतीयों को लेकर एक विमान पंजाब के अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा है। इसमें पंजाब के 67, हरियाणा के 33, गुजरात के 8, उत्तर प्रदेश के 3, महाराष्ट्र, गोवा और राज्यस्थान के 2-2 और हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का एक-एक शख्स शामिल है।

बयान

मुख्यमंत्री भगवंत मान बोले- सरकार पंजाब को बदनाम कर रही

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने निर्वासितों को ला रहे विमान को अमृतसर में उतारने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा, "दूसरा विमान अमृतसर क्यों उतरेगा? विदेश मंत्रालय बताए कि ये फैसला लेने का आधार क्या है? ये पंजाब को बदनाम करने की भाजपा की साजिश है। केंद्र सरकार पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करना चाहती है। पहले भी जो निर्वासित हुए थे, उनमें अलग-अलग प्रदेशों के लोग थे। फिर विमान अमृतसर में क्यों उतारे जा रहे हैं?"

पहला निर्वासन

5 फरवरी को निर्वासित किए गए थे 104 लोग

5 फरवरी को अमेरिका ने 104 अवैध अप्रवासी भारतीयों को निर्वासित किया था। ये सभी अमेरिकी सेना के मालवाहक जहाज से अमृतसर भेजे गए थे। इनमें 13 बच्चे, 79 पुरुष और 25 महिलाएं थीं। विमान में गुजरात और हरियाणा के 33-33, पंजाब के 30, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के 2 और महाराष्ट्र के 3 लोग थे। निर्वासित किए गए लोगों को हथकड़ी और बेड़ी पहनाने के मामले ने खूब तूल पकड़ा था।

अगला विमान

16 फरवरी को आएगा एक और विमान

16 फरवरी को अमेरिका से निर्वासित किए भारतीयों को लेकर तीसरा विमान अमृतसर आएगा। इसमें 157 भारतीय होंगे। 5 फरवरी को अमेरिका ने सैन्य विमान से 104 भारतीयों को अमृतसर भेजा था। इन लोगों के हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां डाली गई थीं, जिस पर खूब बवाल हुआ था। इसके बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि वे अमेरिका के समक्ष दुर्व्यव्हार के मुद्दे को उठाएंगे।

भारतीय

अमेरिका में हैं लाखों अवैध भारतीय 

2023 तक अमेरिका में करीब 7 लाख से ज्यादा अवैध प्रवासी भारतीय हैं। यह मेक्सिको और अल साल्वाडोर के बाद सबसे ज्यादा हैं। करीब 18,000 भारतीयों पर निर्वासन का खतरा मंडरा रहा है। इनकी पहचान कर ली गई है और सभी को जल्द भारत निर्वासित किया जा सकता है। अमेरिका ग्वाटेमाला, होंडुरास, इक्वाडोर, भारत और पेरू के अवैध प्रवासियों को निर्वासित कर रहा है। अमेरिकी सरकार करोड़ों खर्च कर इन्हें सैन्य विमान से अपने देश भेज रही है।