LOADING...
पंजाब: सरहाली पुलिस थाने पर RPG से हमला, जांच में जुटी पुलिस
सरहाली पुलिस थाने पर हमला

पंजाब: सरहाली पुलिस थाने पर RPG से हमला, जांच में जुटी पुलिस

Dec 10, 2022
12:29 pm

क्या है खबर?

पंजाब के तरनतारन जिले के सरहाली पुलिस थाने पर रॉकेट-लॉन्चर से हमला हुआ है। हमला शनिवार रात एक बजे हुआ और इससे खिड़कियों के शीशे टूट गए और एक दरवाजे को नुकसान पहुंचा है। अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। याद दिला दें कि इस साल मई में मोहाली स्थित पुलिस इंटेलीजेंस मुख्यालय पर हमला हुआ था।

हमला

थाने के अंदर से बरामद हुई रॉकेट

सरहाली पुलिस थाना अमृतसर-भठिंडा हाइवे पर मौजूद है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने हाइवे की तरफ से हमला किया था, जिससे थाने की अंदरूनी दीवार, खिड़कियों के शीशे और एक दरवाजे को नुकसान पहुंचा है। जानकारी मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस थाने के अंदर से एक रॉकेट और पाइप जैसी वस्तु को बरामद किया। हमले के समय थाने में आठ पुलिसकर्मी मौजूद थे। राहत की बात है कि किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है।

जानकारी

कुख्यात गैंगस्टर हरविंदर सिंह का पैतृक स्थान है सरहाली

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुख्यात गैंगस्टर हरविंदर सिंह सरहाली का रहने वाला था। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह पाकिस्तान में रहता था और कुछ ही दिन पहले उसकी मौत हुई है।

Advertisement

बयान

RPG से दागा गया ग्रेनेड- DGP

पंजाब पुलिस प्रमुख (DGP) गौरव यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि रात को 11.22 बजे हाइवे की तरफ से RPG से एक ग्रेनेड दागा गया था। यह सरहाली पुलिस थाने के सुविधा केंद्र में गिरा था। पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) कानून (UAPA) के तहत FIR दर्ज की है। फॉरेंसिक टीम और सेना की टुकड़ी यहां है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से सभी साक्ष्य जुटाए जाएंगे और इनकी जांच होगी।

Advertisement

बयान

पड़ोसी देश की साजिश है- DGP यादव

DGP यादव ने कहा कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह मिलिट्री-ग्रेड हथियार है और इसकी सीमा पार से तस्करी हुई है। साफ है कि यह पड़ोसी देश की साजिश है। पंजाब पुलिस BSF और केंद्रीय एजेंसियों के साथ इसकी जांच करेगी।

जानकारी

9 मई को मोहाली में हुआ था हमला

इसी साल 9 मई को मोहाली स्थित पंजाब पुलिस इंटेलीजेंस मुख्यालय के बाहर धमाका हुआ था। पुलिस ने बताया कि इमारत परRPG दागा गया था, जिससे यह धमाका हुआ। धमाके से इमारत के शीशे टूट गए और एक दीवार को भी नुकसान पहुंचा था। इसके अलावा किसी अन्य तरह का नुकसान नहीं हुआ था। दिल्ली से गई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम ने इस हमले की जांच की थी।

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

क्या होता है RPG?

RPG कंधे पर रखकर चलाया जाने वाला एक एंटी-टैंक हथियार होता है, जिससे विस्फोटक दागे जाते हैं। इनकी मदद से रॉकेट भी दागी जा सकती हैं। मोहाली में पुलिस इंटेलीजेंस मुख्यालय को निशाना बनाने के लिए हमलावरों ने RPG-22 का इस्तेमाल किया था। घटनास्थल पर मिले रॉकेट के सिरे से ये अंदाजा लगाया गया था। RPG-22 सोवियत संघ के जमाने का एक बार इस्तेमाल होने वाला रॉकेट लॉन्चर है। इससे 10 सेकंड के अंदर रॉकेट दागी जा सकती है।

Advertisement