पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर UAE पहुंचे, क्या होगी चर्चा?
क्या है खबर?
ईरान युद्ध के चलते ऊर्जा संकट और तनाव के बीच भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दौरे पर हैं। अपनी 2 दिवसीय यात्रा के दौरान वे UAE के शीर्ष नेतृत्व के साथ उच्च स्तरीय बैठकें करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की ऊर्जा सुरक्षा इस यात्रा का सबसे अहम एजेंडा रहेगा। ये दौरान अमेरिका-ईरान के बीच नाजुक युद्धविराम के बीच पश्चिम एशिया में अहम साझेदारों के साथ भारत के संबंधों को सुधारने के प्रयासों का हिस्सा है।
मुद्दे
किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
द प्रिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, जयशंकर की यात्रा ऊर्जा आपूर्ति, पश्चिम एशिया की स्थिति को समझने के साथ-साथ पाकिस्तान के साथ तनाव के बाद दक्षिण एशिया में अमीरात की स्थिति पर केंद्रित होगी। इसमें उन भारतीय नागरिकों की सहायता के प्रति UAE का आभार भी व्यक्त किया जाएगा, जो युद्ध के चलते उड़ानें रद्द होने के कारण फंस गए थे। हालांकि, अभी तक एजेंडे को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मुलाकात
किन-किन लोगों संग बैठक करेंगे जयशंकर
जयशंकर अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने UAE समकक्ष अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय चर्चा कर सकते हैं। द प्रिंट को एक सूत्र ने बताया कि विदेश मंत्री UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की भी संभावना है, लेकिन कहा कि ऐसी मुलाकात का निर्णय अंतिम समय में ही लिया जाएगा। सूत्र ने कहा, "जयशंकर की यात्रा के दौरान मुख्य चर्चा का विषय क्षेत्र की स्थिति और ऊर्जा आपूर्ति एक महत्वपूर्ण मुद्दा होगा।"
अहमियत
कितना अहम है दौरा?
जयशंकर का दौरा ऐसे वक्त हो रहा है, जब आज ही अमेरिका और ईरान के बीच में पाकिस्तान में युद्धविराम को लेकर वार्ता हो रही है। वहीं, ईरान युद्ध के चलते भारत की ऊर्जा आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। भारत के कच्चे तेल और LNG का एक बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आता है। होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने की वजह से भारत को खर्चीले और लंबी दूरी वाले वैकल्पिक उपायों की ओर रुख करना पड़ा है।
कतर
पेट्रोलियम मंत्री भी कतर के दौरे पर
ईरान युद्ध के बीच भारत लगातार अपनी ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहा है। एक ओर जहां विदेश मंत्री UAE के दौरे पर हैं, वहीं, दूसरी ओर पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी कतर के दौरे पर हैं। कतर भारत का बड़ा LNG आपूर्तिकर्ता है। मामले से परिचित लोगों के अनुसार, पुरी कतर से सप्लाई में तेजी लाने और LNG के मामले में भारत को प्राथमिकता देने के लिए कह सकते हैं।