कर्नाटक धर्मस्थल मामला: RTI कार्यकर्ता का दावा- अधिकारियों ने जानवरों की तरह दफनाया लड़की का शव
क्या है खबर?
कर्नाटक के धर्मस्थल से जुड़े कथित सामूहिक बलात्कार और हत्याओं के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। अब पता चला है कि स्थानीय बेलथांगडी पुलिस ने साल 2000 से लेकर 2015 के बीच दर्ज की गई अज्ञात मौतों से जुड़े रिकॉर्ड ही नष्ट कर दिए हैं। वहीं, एक RTI कार्यकर्ता ने दावा किया कि उसने अधिकारियों को एक लड़की का शव दफनाते हुए देखा है। इस खुलासे के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।
रिपोर्ट
पुलिस ने 15 साल के रिकॉर्ड मिटाए
इंडिया टुडे ने अपनी खास रिपोर्ट में बताया है कि एक स्थानीय सूचना का अधिकार (RTI) कार्यकर्ता जयंत ने पुलिस से साल 2000 से लेकर 2015 तक अज्ञात अप्राकृतिक मृत्यु के मामलों की जानकारी मांगी थी। पुलिस ने इसके जवाब में बताया कि मृत व्यक्तियों की पहचान का पता लगाने के लिए इस्तेमाल की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, दीवार पर लगाए गए पोस्टर, नोटिस और फोटोग्राफ को नियमित प्रशासनिक आदेशों के अनुसार नष्ट कर दिया गया है।
RTI
RTI कार्यकर्ता का दावा- अधिकारियों को शव दफनाते हुए देखा
RTI कार्यकर्ता जयंत ने विशेष जांच दल (SIT) में एक शिकायत दर्ज कराई है। इसमें जयंत ने दावा किया है कि उन्होंने एक युवती के शव को अवैध रूप से दफनाए जाते हुए देखा है। उनका आरोप है कि इस दौरान कानूनों का खुलेआम उल्लंघन किया गया और उस समय कई अधिकारी भी मौजूद थे। रिपोर्ट के मुताबिक, SIT अब जयंत की बताई जगह पर खुदाई कर शव को बाहर निकालने की योजना बना रही है।
बयान
जयंत ने कहा- कुत्तों की तरह दफनाया लड़की का शव
जयंत ने कहा, "2 अगस्त को मैंने SIT में शिकायत दर्ज कराई। यह ऐसी घटना पर आधारित है, जिसे मैंने खुद देखा था। मैंने उस समय मौजूद सभी लोगों के नाम दर्ज कराए, जिनमें अधिकारी भी शामिल थे। उन्होंने लड़की का शव ऐसे दफनाया, जैसे कोई कुत्ते को दफनाता है। वह दृश्य मुझे सालों तक परेशान करता रहा। मैंने कहा था कि इमानदार अधिकारी आने पर मैं खुलासा करूंगा। अब वह समय आ गया है।"
मामला
क्या है मामला?
दरअसल, मंदिर में 16 साल तक सफाईकर्मी रहे एक शख्स ने दावा किया कि उसे कई महिलाओं और बच्चियों की लाशें जलाने और दफनाने के लिए मजबूर किया गया। कथित तौर पर इनके साथ बलात्कार कर हत्या की गई थी। ये सब मंदिर से जुड़े ताकतवर लोगों के कहने पर हुआ। अब सालों बाद इस सफाईकर्मी ने घटना का खुलासा किया है और इसके कुछ सबूत भी पुलिस को सौंपे हैं। SIT मामले की जांच कर रही है।
खुदाई
छठी जगह खुदाई में मिली थीं हड्डियां
मंदिर के पूर्व सफाईकर्मी की निशानदेही पर SIT कई जगहों पर खुदाई कर रही है। 5 जगहों की खुदाई में SIT के हाथ कुछ नहीं लगा था, लेकिन छठी जगह से मानव कंकाल के अवशेष मिले हैं। माना जा रहा है कि ये किसी पुरुष के हैं। इन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इस सफाईकर्मी ने SIT को ऐसी 15 जगहें बताई हैं, जहां कथित तौर पर महिलाओं-लड़कियों को दफनाया गया है।