LOADING...
रोहिणी हत्याकांड: ब्रेकअप के कारण साहिल ने की नाबालिग की हत्या, बोला- मुझे कोई पछतावा नहीं 
दिल्ली के रोहिणी में नाबालिग की हत्या करने वाले साहिल को अपने किए पर पछतावा नहीं

रोहिणी हत्याकांड: ब्रेकअप के कारण साहिल ने की नाबालिग की हत्या, बोला- मुझे कोई पछतावा नहीं 

लेखन नवीन
May 30, 2023
12:17 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय नाबालिग साक्षी की निर्मम हत्या करने वाले युवक साहिल ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है और वारदात के समय वो काफी गुस्से में था क्योंकि साक्षी उसे नजरअंदाज कर रही थी और उससे ब्रेकअप करना चाहती थी। वह वारदात के समय नशे में भी था।

मामला

क्या है पूरा मामला?

रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके में रविवार शाम साहिल ने 16 साल की साक्षी की सरेआम हत्या कर दी थी। साक्षी को 16 बार चाकू मारा गया था। इसके बाद साहिल ने 5 बार उसके सिर पर पत्थर से भी वार किया। घटना के समय साक्षी अपने दोस्त के बेटे की जन्मदिन पार्टी में जा रही थी, तभी साहिल ने उसे अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया। ये पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई थी।

ब्रेकअप 

आरोपी ने कबूलनामे में क्या कहा?

साहिल ने बताया कि जून, 2021 से वह साक्षी के साथ रिलेशनशिप में था और साक्षी पिछले 15 दिनों से अपनी एक दोस्त नीतू के साथ रह रही थी। उसने बताया कि साक्षी उससे ब्रेकअप करना चाहती थी, जिससे वो काफी नाराज था। पुलिस के मुताबिक, साक्षी ने हाथ पर प्रवीण नाम के एक लड़के का टैटू भी बनवाया था, जिसके साथ वह पहले रिलेशनशिप में थी। इसके बाद वह साहिल के साथ रिलेशनशिप में आई थी।

Advertisement

धमकी

साहिल को था साक्षी के पूर्व प्रेमी के साथ रिलेशनशिप में होने का शक

साहिल ने पुलिस को बताया कि वह साक्षी द्वारा नजरअंदाज किये जाने से परेशान था और उसे शक था कि साक्षी अपने पूर्व प्रेमी के साथ वापस रिलेशनशिप में आ गई है। पुलिस के मुताबिक, साक्षी ने साहिल को पुलिस के पास जाने की धमकी भी दी थी। उसने आरोपी को दूर करने और डराने के लिए एक खिलौने वाली पिस्तौल का भी इस्तेमाल किया था। हत्या के एक दिन पहले भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी।

Advertisement

हथियार

आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए रिठाला में छिपाया था हथियार

पुलिस पूछताछ के दौरान साहिल ने बताया कि उसने हत्या में इस्तेमाल हथियार को रिठाला में छिपाया था और यहां से वह अपनी बुआ के घर बुलंदशहर चला गया। साहिल ने बुलंदशहर पहुंचने के लिए 2 बसें बदली थीं और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था। हालांकि, उसकी बुआ ने उसके बुलंदशहर पहुंचने की सूचना उसके पिता को दे दी, जिसके बाद पुलिस उसकी लोकेशन को ट्रेस करने में कामयाब हुई और साहिल को गिरफ्तार कर लिया।

पोस्टमार्टम

साक्षी के शरीर पर मिले चोट के 34 निशान

साक्षी की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। इस रिपोर्ट में पता चला है कि साक्षी के शरीर पर चाकू से बार-बार हमला किया गया। उसके शरीर और सिर पर चोट के 34 निशान पाए गए हैं और इनमें से 16 घाव चाकू के हैं। बता दें कि आरोपी ने चाकू के अलावा साक्षी पर पत्थर से भी कई वार किये थे, जिसके चलते उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी

कौन है आरोपी?

साहिल शाहबाद डेयरी में ही अपने परिवार के साथ पिछले 2 साल से किराये के मकान में रह रहा था और वह पेशे से मैकेनिक है। साहिल के पिता का नाम सरफराज है और उसके परिवार में माता-पिता और 3 बहनें हैं।

हत्याकांड

भाजपा नेता ने हत्याकांड पर उठाए सवाल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या साहिल ने लड़की से दोस्ती करने के लिए अपना नाम बदल लिया था। भाजपा के नेता कपिल मिश्रा ने भी मामले में ट्विटर पर सवाल उठाए हैं। आरोपी की एक तस्वीर ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा कि आरोपी ने मुस्लिम होने के बावजूद हाथ में कलवा क्यों बांध रखा है और उसने कहीं लड़की से अपनी पहचान तो नहीं छुपाई थी।

Advertisement