राम मंदिर: महाकुंभ के दौरान बढ़ी चंदा चोरी, ट्रस्ट सदस्यों की लड़ाई से खुला मामला- रिपोर्ट
क्या है खबर?
अयोध्या के राम मंदिर चंदा विवाद में अब नए खुलासे हुए हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चंदा चोरी लंबे समय से हो रही थी, लेकिन छोटी-मोटी घटनाओं को नजरअंदाज कर दिया जाता था। हालांकि, पिछले साल महाकुंभ के दौरान जब मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी तो ये काम ज्यादा व्यवस्थित तरीके से होने लगा, क्योंकि दान की गिनती के लिए और लोगों को नियुक्ति किया गया।
रिपोर्ट
महाकुंभ के दौरान हुई नए कर्मचारियों की भर्ती
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आम दिनों में मंदिर में रोजाना 85,000 से एक लाख लोग आते हैं, लेकिन महाकुंभ में ये आंकड़ा 10-12 लाख तक पहुंच गया था। इसके बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों की सलाह पर दान गिनती के लिए अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए। एक अधिकारी ने कहा, "गिनती के काम में और मदद के लिए और स्थानीय लोगों को रोजगार देने की सलाह दी गई थी। भर्ती एक फर्म ने की थी।"
खुलासा
ट्रस्ट सदस्यों की आपसी लड़ाई से खुला मामला- रिपोर्ट
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि ट्रस्ट से जुड़े 2 सदस्यों के बीच भर्ती और कथित तौर पर पैसे की हेराफेरी को लेकर हुई आपसी लड़ाई के बाद यह मामला सामने आया। ये भी कहा गया है कि शुरू में मामले को दबाने की कोशिश की गई और जिन लोगों पर हेराफेरी का आरोप था, उनसे पैसे वापस जमा करने को कहा गया, लेकिन घटनाएं बाहर आती गईं।
बयान
रोजाना 6 से 8 लाख रुपये चोरी का शक
एक पुलिस अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "यह पहली बार नहीं था जब मंदिर के अधिकारियों को पैसे की हेराफेरी के बारे में पता चला हो। लंबे समय तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया और इसे नजरअंदाज किया जाता रहा, लेकिन हाल ही में कई घटनाओं के कारण एक के बाद एक खुलासे हुए।" NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, शक है कि रोजाना 6 से 8 लाख रुपये चोरी किए जा रहे थे।
जमीन
जमीन खरीदी की भी जांच कर रही SIT
SIT ने बीते दिन दूसरी बार ट्रस्ट से जुड़े रहे चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, उनसे उनकी निजी संपत्ति और आय के स्रोतों के बारे में पूछताछ की गई। SIT ने तीनों से उनकी चल और अचल संपत्ति की जानकारी मांगी है और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जमा करने को कहा है। SIT कुछ सालों में अनिल और गोपाल की संपत्ति में हुई बढ़ोतरी की भी जांच कर रही है।