भारत ने UAPA के तहत पाकिस्तान में छिपे 23 दुश्मनों को घोषित किया आतंकी
क्या है खबर?
केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने एक गजट अधिसूचना जारी करते हुए पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े 23 दहशतगर्तों को गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम कानून (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित किया है। इन सभी 23 नामों को UAPA की चौथी अनुसूची में शामिल किया गया है और वर्तमान में ये सभी पाकिस्तान या पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में रह रहे हैं।
आतंकी
सूची में शामिल हैं ये प्रमुख आतंकी
सूची मसूद इलियास कश्मीरी, मोहम्मद मुसादिक, मुफ्ती मोहम्मद असगर खान और हाफिज अब्दुल शकूर जैसे नाम शामिल हैं, जो 2016 और 2022 में सुरक्षा बलों पर हुए हमले से जुड़े बताए हैं। LeT से जुड़े अब्दुल रऊफ और हाफिज खालिद वलीद को हाफिज सईद के करीबी सहयोगी के रूप में बताया गया है। चौंकाने वाला नाम मोहम्मद शहीद फैसल उर्फ उस्ताद उर्फ जाकिर का है। उसका स्थायी पता बेंगलुरु का है, जबकि वह रावलपिंडी में रह रहा है।
संबंध
इन आतंकी संगठनों से है जाकिर का संबंध
सरकार का कहना है कि जाकिर LeT, अल-कायदा और ISIS से जुड़े मॉड्यूल से संबंध रखता है। उस पर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भर्ती करने, हथियारों का प्रशिक्षण दिलवाने और आतंकी गतिविधियों के लिए पैसा जुटाने का आरोप है। अधिसूचना के अनुसार, सरकार का मानना है कि संबंधित व्यक्ति आतंकवाद में शामिल है। इसी आधार पर UAPA की धारा 35 के तहत उसका नाम सूची में शामिल किया है। इससे इन सभी पर कार्रवाई करना आसान हो जाएगा।