LOADING...
YRF स्पाई यूनिवर्स को झटका, ऋतिक के कैमियो के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर बेअसर रही 'अल्फा'
'अल्फा' बनी YRF स्पाई यूनिवर्स की सबसे कमजोर फिल्म

YRF स्पाई यूनिवर्स को झटका, ऋतिक के कैमियो के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर बेअसर रही 'अल्फा'

Jul 04, 2026
11:13 am

क्या है खबर?

आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की फिल्म 'अल्फा' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत बेहद ठंडी रही है। यशराज फिल्म्स (YRF) के स्पाई यूनिवर्स की इस पहली महिला लीड एक्शन फिल्म से निर्माताओं को बड़ी उम्मीदें थीं, यहां तक कि दर्शकों को सरप्राइज देने के लिए फिल्म में ऋतिक रोशन का धमाकेदार कैमियो भी रखा गया। इसके बावजूद फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई।

प्रदर्शन

YRF स्पाई यूनिवर्स की सबसे कमजोर ओपनर

कई बार टलने के बाद आखिरकार एक्शन थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' 3 जुलाई को सिनेमाघरों में आई। हालांकि, रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, जिसका सीधा असर इसकी कमाई पर दिखा और बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत बेहद धीमी रही। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद निराशाजनक आंकड़े दर्ज किए। इस ठंडी शुरुआत के साथ ही 'अल्फा' अब YRF के स्पाई यूनिवर्स के इतिहास की सबसे कम कमाई करने वाली ओपनर बन गई है।

कमाई

7,534 शोज के बाद भी महज 9.25 करोड़ पर सिमटी 'अल्फा'

सैकनिल्क के मुताबिक, 'अल्फा' ने भारत में 7,534 शोज के साथ पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये की कमाई की। मजबूत स्टारकास्ट और YRF स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा होने के बावजूद फिल्म की ओपनिंग उम्मीद से काफी कमजोर रही। फ्रेंचाइजी की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्मों की तुलना में इसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जिससे YRF को बड़ा झटका लगा। शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि 'अल्फा' फिलहाल स्पाई यूनिवर्स की अन्य फिल्मों के बॉक्स ऑफिस स्तर से काफी पीछे नजर आ रही है।

Advertisement

तुलना

'पठान' और 'वॉर 2' के आगे पानी कम चाय साबित हुई 'अल्फा'

YRF स्पाई यूनिवर्स की पिछली फिल्मों के मुकाबले 'अल्फा' की ओपनिंग काफी कमजोर रही। इस यूनिवर्स की फिल्म 'पठान' ने पहले दिन 57 करोड़, 'वॉर 2' ने 52.5 करोड़, 'टाइगर 3' ने करीब 44.5 करोड़ और 'वॉर' ने पहले दिन 32.5 करोड़ की कमाई की थी। उधर 'टाइगर जिंदा है' और 'एक था टाइगर' ने भी पहले दिन लगभग 32.93 करोड़ का कारोबार किया था। इन आंकड़ों के मुकाबले 'अल्फा' की शुरुआत काफी फीकी नजर आती है।

Advertisement

बेअसर

ऋतिक का कैमियो और बॉबी देओल का विलेन लुक भी फेल

रिपोर्ट्स के मुताबिक 'अल्फा' का बजट करीब 100 से 130 करोड़ के बीच बताया जा रहा है। इस भारी-भरकम बजट के लिहाज से फिल्म की पहले दिन की कमाई बेहद सामान्य रही है। फिल्म में ऋतिक रोशन के कैमियो की दर्शकों ने जमकर तारीफ की। उनका अंदाज लोगों को पसंद भी आया, लेकिन उनकी दमदार मौजूदगी भी फिल्म के ओपनिंग डे कलेक्शन को डूबने से नहीं बचा पाई। फिल्म में बॉबी देओल विलेन के खतरनाक रूप में नजर आए हैं।

Advertisement