LOADING...
राम मंदिर चंदा चोरी की जांच कर रही SIT को 15 दिन की मोहलत
राम मंदिर चंदा चोरी की जांच कर रही SIT को 15 दिन की मोहलत

राम मंदिर चंदा चोरी की जांच कर रही SIT को 15 दिन की मोहलत

लेखन गजेंद्र
Jul 01, 2026
12:36 pm

क्या है खबर?

अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) को उत्तर प्रदेश सरकार ने 15 दिन की मोहलत दी है। जांच टीम अब 15 जुलाई को अपनी पूरी रिपोर्ट सौंपेगी। मामले में प्रारंभिक रिपोर्ट एक हफ्ते पहले 23 जून को शासन को सौंपी जा चुकी है। टीम को पूरी रिपोर्ट सौंपनी थी, लेकिन सरकार ने गंभीरता और गहराई से जांच करने के लिए 15 दिन का समय और दे दिया है।

जांच

SIT की जांच में सामने आई कई बातें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंदा चोरी की घटना सामने आने के बाद SIT का गठन किया था। जांच में अभी तक कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने जांच की रिपोर्ट के आधार पर चंदा गिनने के काम में लगे 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, उनसे पूछताछ के बिना ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने चंदे की रकम को अलग-अलग जगह निवेश किया था। अब इनसे पूछताछ की तैयारी है।

टीम

13 जून को गठित हुई थी टीम

योगी सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को 3 सदस्यीय SIT गठित की थी। इसमें लखनऊ मंडल के कमिश्नर विजय विश्वास पंत, IG रेंज किरन एस और राजस्व विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं। टीम ने 15 जून को पहली बार अयोध्या पहुंचकर जांच शुरू की थी और मंदिर परिसर में सभी संदिग्धों से पूछताछ की थी। SIT ने 23 जून को प्रारंभिक रिपोर्ट गृह सचिव संजय प्रसाद को सौंपी थी।

Advertisement