राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, कहा- प्रदर्शनकारी छात्रों से खुद मिलें
क्या है खबर?
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) परीक्षा और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर पिछले 24 दिनों से रांची में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन का मामला बढ़ता जा रहा है। अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी सहयोगी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर उनसे छात्रों से मिलकर समस्या का समाधान करने का आग्रह किया है।
पत्र
राहुल ने पत्र में क्या लिखा?
राहुल ने पत्र में लिखा, 'कांग्रेस पार्टी मानती है कि भारतीय संविधान द्वारा दिया गया शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार हमारे लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों में से एक है। इसीलिए हमने पिछले कुछ महीनों में देश भर में पेपर लीक और शिक्षा प्रणाली की अनियमिताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को अपना पूरा समर्थन दिया है।'
उन्होंने लिखा, 'मैं इस बात की सराहना भी करता हूं कि झारखंड सरकार ने छात्रों के साथ बातचीत की प्रक्रिया शुरू की है।'
सुझाव
राहुल ने मुख्यमंत्री सोरेन को दिया छात्रों से मिलने का सुझाव
राहुल ने पत्र में आगे लिखा, 'मैं मानता हूं कि छात्रों द्वारा उठाई गई कई मांगों पर सहमति भी बनी है। हालांकि, विरोध-प्रदर्शन अभी भी जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। मैं आपको यह सुझाव देने के लिए लिख रहा हूं कि आप व्यक्तिगत रूप से प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करें।'
उन्होंने लिखा, 'मुख्यमंत्री की यह व्यक्तिगत मुलाकात बाकी बची चिंताओं को हल करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।'
स्पष्टता
भारत के युवा ही हमारा भविष्य - राहुल
राहुल ने पत्र के आखिर में लिखा, 'भारत के युवा ही हमारा भविष्य हैं और संकट की इस घड़ी में उनके प्रति एकजुटता और समर्थन दिखाना हमारा कर्तव्य है।'
इससे पहले शनिवार को आंदोलनकारी छात्रों ने राहुल के समर्थन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल केवल बयानबाजी करने के बजाय जमीन पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा, अगर मुख्यमंत्री सोरेन उनकी बात नहीं सुन रहे हैं, तो कांग्रेस को झारखंड में सरकार से अपना समर्थन वापस लेना चाहिए।
मांग
आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांगें और आरोप
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में हजारों अभ्यर्थी रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में 29 जुलाई से धरना दे रहे हैं।
छात्रों का आरोप है कि 14वीं JPSC और JSSC-CGL परीक्षा की सीटें बाहरी उम्मीदवारों को 1 करोड़ रुपये में बेची गई हैं।
प्रदर्शनकारी 14वीं JPSC मुख्य परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) या राज्य के बाहर के सेवानिवृत्त हाई कोर्ट जजों के पैनल से कराने की मांग कर रहे हैं।