Page Loader
दिल्ली: केजरीवाल के बंगले में ही रहेंगी मुख्यमंत्री आतिशी, PWD ने किया आवंटित
PWD ने मुख्यमंत्री आतिशी को बंगला आवंटित कर दिया है

दिल्ली: केजरीवाल के बंगले में ही रहेंगी मुख्यमंत्री आतिशी, PWD ने किया आवंटित

लेखन आबिद खान
Oct 11, 2024
07:37 pm

क्या है खबर?

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को आखिरकार नया सरकारी बंगला मिल गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने उन्हें 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित बंगला आवंटित किया है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रहते थे। उपराज्यपाल आवास से मिली जानकारी के अनुसार, PWD ने आतिशी को बंगले की चाबी भी सौंप दी है। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे देने के बाद केजरीवाल ने 4 अक्टूबर को इस आवास को खाली कर दिया था।

विवाद

बंगले के आवंटन को लेकर हुआ था विवाद

9 अक्टूबर को PWD ने इस बंगले को सील कर दिया था और यहां से मुख्यमंत्री आतिशी का सामान भी निकलवा दिया था। सामान ले जाते हुए कर्मचारियों के वीडियो भी सामने आए थे। बताया जा रहा था कि बंगले के आवंटन को लेकर विवाद के बाद ये कार्रवाई की गई थी। इसके बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाते हुए कहा था कि उपराज्यपाल के निर्देश पर मुख्यमंत्री आतिशी का सारा सामान बाहर निकाल दिया गया है।

मरम्मत

आवास को लेकर क्या है विवाद? 

आरोप है कि केजरीवाल ने इस बंगले की मरम्मत पर 44.78 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। सितंबर, 2020 से जून, 2022 के बीच 6 किस्तों में ये राशि खर्च की गई, जिसमें 11.30 करोड़ रुपये आंतरिक सज्जा और बाकी मार्बल फर्श, कंसल्टेंसी, बिजली संबंधी फिटिंग, अग्निशमन प्रणाली, अलमारी और किचन उपकरणों पर किए गए। पिछले साल गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले की जांच शुरू की थी।