जम्मू-कश्मीर: नौशेरा में जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे प्रधानमंत्री मोदी, जनरल नरवणे भी रहेंगे मौजूद
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राजौरी जिले के नौशेरा में सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे।
इस सीमाई जिले में जवानों के साथ प्रधानमंत्री मोदी की यह दूसरी दिवाली होगी। इससे पहले 2019 में उन्होंने राजौरी के डिविजनल मुख्यालय में जवानों के साथ यह त्यौहार मनाया था।
मोदी की यात्रा से पहले सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे बुधवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे थे।
आइये, पूरी खबर जानते हैं।
कार्यक्रम
3-4 घंटों तक जवानों के साथ रहेंगे मोदी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को सुबह 11 बजे नौशेरा पहुंच सकते हैं। उनका विमान जम्मू हवाई अड्डे पर उतरेगा, जहां से वो नौशेरा के लिए रवाना होंगे। उनके साथ चीफ ऑफ जनरल स्टाफ जनरल बिपिन रावत भी आ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी 3-4 घंटों तक नौशेरा में जवानों के बीच रहेंगे। इसके बाद वो सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा स्थिति का जायजा लेंगे।
जानकारी
जवानों के साथ कई दिवाली मना चुके हैं प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी पिछले कई सालों से जवानों के बीच दिवाली मनाते आ रहे हैं।
पिछले साल उन्होंने राजस्थान के जैसलमेर स्थित लोंगावाला पोस्ट पर दिवाली मनाई थी। 2019 में वो राजौरी की अग्रिम चौकी पर जवानों के बीच मौजूद थे।
उससे पहले की बात करें तो 2018 में वो उत्तराखंड में चीनी सीमा पर तैनात भारत-तिब्बत पुलिस बल (ITBP) और सेना के जवानों के साथ थे तो 2017 में गुरेज में जवानों के साथ दिवाली मना रहे थे।
शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने देश को दिवाली की बधाई दी
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार सुबह ट्वीट कर देश को दिवाली की बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह प्रकाश पर्व आप सभी के जीवन में सुख, संपन्नता और सौभाग्य लेकर आए।'
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, 'सभी को "दीपावली" की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश व खुशियों का यह महापर्व सभी के जीवन को नई उर्जा, प्रकाश, आरोग्य और समृद्धि से आलोकित करे।'
जानकारी
जनरल नरवणे भी रहेंगे मोदी के साथ मौजूद
बुधवार को जम्मू पहुंचने के बाद जनरल नरवणे ने अग्रिम चौकियां का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया था। इस मौके पर सेना के कमांडरों ने उन्हें नियंत्रण रेखा के पास जमीनी स्थिति का ब्यौरा दिया।
पूंछ और राजौरी जिले के जंगलों में चल रहे आतंकरोधी अभियान के बीच दो हफ्तों में जनरल नरवणे का यह दूसरा जम्मू दौरा है।
बताया जा रहा है कि जनरल नरवणे गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ राजौरी जाएंगे।