LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी संग की द्विपक्षीय वार्ता, भारत-इटली में हुई 'विशेष रणनीतिक साझेदारी'
प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी संग की द्विपक्षीय वार्ता की

प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी संग की द्विपक्षीय वार्ता, भारत-इटली में हुई 'विशेष रणनीतिक साझेदारी'

लेखन आबिद खान
May 20, 2026
05:28 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की अपनी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इसके बाद संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत और इटली के बीच 'विशेष रणनीतिक साझेदारी' की घोषणा की। उन्होंने भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते को पूरा करने में इटली के सहयोग के लिए मेलोनी को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा, "हम मिलकर इसके जल्द से जल्द कार्यान्वयन की दिशा में काम करेंगे, ताकि कारोबारी समुदाय को इसका पूरा लाभ मिल सके।"

मेलोनी का बयान

मेलोनी ने कहा- आज का दिन द्विपक्षीय संबंधों के लिए ऐतिहासिक

प्रधानमंत्री मेलोनी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करना मेरे लिए सम्मान की बात है। आज का दिन हमारे संबंधों के लिए सचमुच एक ऐतिहासिक दिन है। मेरे मित्र की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। इससे पहले किसी भारतीय प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय यात्रा 2000 में हुई थी। आज इस यात्रा के साथ, हम न केवल इस अंतराल को भर रहे हैं, बल्कि मिलकर हमने अपने संबंधों में नई जान डालने का भी फैसला किया है।"

साझेदारी

कई बैठकों के बाद रणनीतिक साझेदारी पर ले जाए गए संबंध- मेलोनी

प्रधानमंत्री मेलोनी ने कहा कि भारत और इटली के बीच संबंधों को 'विशेष रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक ऊंचा उठाना पिछले 3 वर्षों में दोनों देशों के बीच हुई कई उच्च स्तरीय बैठकों के बाद हुआ है। इसमें 2023 में नई दिल्ली में एक रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत और पिछले साल ब्राजील में G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान 2025-2029 के लिए एक संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना पर हस्ताक्षर करना शामिल है।

Advertisement

मुद्दे

इटली के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी के बीच किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'मैं रोम में राष्ट्रपति सर्जियो मट्टरेल्ला से मिला। हमने भारत और इटली के बीच जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसमें व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक संबंध शामिल हैं। हमने इस बात पर भी चर्चा की कि AI, महत्वपूर्ण खनिज, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्र हमारे बीच सहयोग के अवसर कैसे बन सकते हैं।' प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि दोनों देशों के स्टार्टअप, अनुसंधान केंद्रों और उद्योगों को जोड़ने के लिए भारत-इटली नवाचार केंद्र बनाया जाएगा।

Advertisement

कांग्रेस

कांग्रेस ने साधा निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'मोदी जी चाहते हैं कि जनता उनके भाषणों की 'मेलोडी' का आनंद ले, जबकि उनकी सरकार की लूट से पैदा हुई तकलीफ को झेलती रहे! पिछले 11 सालों में मोदी सरकार के राज में हर भारतीय पर औसत कर्ज 11 गुना बढ़ गया है। वहीं दूसरी ओर, 229 बड़े उद्योगपतियों और 26 नए अरबपतियों की कुल संपत्ति कथित तौर पर 97.50 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है।'

Advertisement