LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी रोम पहुंचे, इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी से करेंगे मुलाकात; क्या है एजेंडा?
इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीर साझा की है

प्रधानमंत्री मोदी रोम पहुंचे, इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी से करेंगे मुलाकात; क्या है एजेंडा?

लेखन आबिद खान
May 20, 2026
09:04 am

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में आज इटली पहुंच चुके हैं। वे वहां इटली की अपनी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मट्टरेल्ला से मुलाकात करेंगे और भारत-इटली सहयोग को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। रोम हवाई अड्डे पर उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। वहीं, प्रधानमंत्री मेलोनी ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'रोम में स्वागत है दोस्त'।

बयान

प्रधानमंत्री ने बताया यात्रा का एजेंडा

प्रधानमंत्री ने लिखा, 'मैं राष्ट्रपति सर्जियो और प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ चर्चा करूंगा। इस दौरे का मुख्य जोर भारत-इटली के बीच सहयोग को मजबूत करने पर होगा, जिसमें 'भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा' (IMEC) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29 की भी समीक्षा की जाएगी। मैं संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का भी दौरा करूंगा, जिससे बहुपक्षवाद और वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता मजबूत होगी।'

संयुक्त बयान

दोनों नेता बोले- देशों के संबंध 'निर्णायक चरण' पर

द इकोनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित एक संयुक्त लेख में प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी ने लिखा कि दोनों देशों के बीच संबंध 'निर्णायक चरण' पर पहुंच गए हैं और 'सौहार्दपूर्ण मित्रता से स्वतंत्रता और लोकतंत्र के मूल्यों और भविष्य के लिए एक साझा दृष्टिकोण पर आधारित एक विशेष रणनीतिक साझेदारी' में विकसित हो गए हैं। दोनों प्रधानमंत्रियों ने तर्क दिया कि भूमध्य सागर और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को अब अलग-अलग नहीं देखा जा सकता।

Advertisement

मुद्दे

किन मुद्दों पर होगी बातचीत?

भारत और इटली के बीच हाल के वर्षों में व्यापार, रक्षा, हरित ऊर्जा, तकनीक और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग मजबूत हुआ है। माना जा रहा है कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हो सकती है। विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। भारत और इटली के बीच दीर्घकालिक और बहुआयामी साझेदारी है. यह यात्रा भारत-इटली साझेदारी को नयी गति प्रदान करेगी।'

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

इटली में भारतीय समुदाय के बीच प्रधानमंत्री

दौरा

5 यूरोपीय देशों के दौरे पर हैं प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री 5 देशों के दौरे पर हैं, जिसकी शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से हुई थी। इस दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े कई समझौते हुए थे। UAE के बाद प्रधानमंत्री नीदरलैंड पहुंचे और प्रधानमंत्री रॉब जेटेन, राजा विलेम अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात की। इसके बाद वे स्वीडन रवाना हुए। फिर उन्होंने नॉर्वे में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। अब वे इटली पहुंचे हैं।

Advertisement