सेंसेक्स 500 अंक टूटा, क्या है शेयर बाजार में सुस्ती की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज सुबह-सुबह बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में 500 अंकों की गिरावट दर्ज हुई है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 519.31 अंक गिरकर 74,681.54 पर आ गया। वहीं, निफ्टी 161.20 अंक टूटकर 23,456.80 पर आ गया। बाजार में बिकवाली का असर कई सेक्टर में दिखाई दिया। छोटे और मिडकैप शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली, जिससे निवेशकों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।
चिंता
ईरान तनाव से बढ़ी बाजार की चिंता
बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव माना जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए बयान के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बाद वैश्विक बाजारों में तनाव बढ़ गया। निवेशकों को डर है कि मध्य पूर्व में संघर्ष बढ़ने से तेल सप्लाई पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से बाजार में भारी दबाव देखने को मिला।
तेल
कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाया दबाव
ग्लोबल बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गई है। भारत दुनिया का बड़ा तेल आयातक देश है, इसलिए कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ रहा है। महंगे तेल से महंगाई बढ़ने और कंपनियों की लागत बढ़ने की चिंता बनी हुई है। इसके साथ ही, विदेशी निवेशकों ने भी बिकवाली तेज कर दी है। विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को हजारों करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए थे।
रुपये
रुपये और वैश्विक बाजार में भी कमजोरी
भारतीय रुपये में भी लगातार कमजोरी देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले गिरकर 96.90 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं एशियाई और अमेरिकी बाजारों में भी कमजोरी का माहौल बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती तेल कीमतें, विदेशी फंड की निकासी और वैश्विक अनिश्चितता निवेशकों के भरोसे पर असर डाल रही है। इसी कारण शेयर बाजार में फिलहाल दबाव और उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।